विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाहजहांपुर के 66 बंद विद्यालयों में खुलेंगे आंगनबाड़ी केंद्र, जल्द होगी 208 पदों पर भर्ती

Published: Sun, 06 Sep 2026 11:12 PM (IST)

शाहजहांपुर में कम छात्र संख्या के कारण बंद हुए 66 परिषदीय विद्यालयों में अब आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जाएंगे।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 66 बंद परिषदीय विद्यालयों में खुलेंगे आंगनबाड़ी केंद्र।

  2. शिक्षक दिवस पर इन विद्यालयों में होंगे विशेष कार्यक्रम।

  3. ईसीसी एजुकेटरों की नई भर्ती से मिलेगी मजबूती।

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। कम छात्र संख्या के चलते पेयरिंग के तहत बंद किए गए 66 परिषदीय विद्यालयों में अब आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जाएंगे। इससे न केवल भवनों का सदुपयोग होगा, बल्कि शिक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी।

बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने शिक्षक दिवस पर बंद विद्यालय खुलवाकर वहां कार्यक्रमों का आयोजन कराने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र भी जारी कर दिए हैं, ताकि समय से वहां सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराया जा सके।

जिले के 108 ऐसे परिषदीय विद्यालयों में पेयरिंग हुई थी, जहां 50 से कम छात्र संख्या थी। नजदीकी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पेयर कर दिया गया था। इस कारण 108 विद्यालय बंद हो गए थे, लेकिन धीरे-धीरे कुछ विद्यालयों में आंगनबड़ी केंद्र या फिर अन्य गतिविधियों के लिए उन्हें संचालित करवा दिया गया।

करीब 66 विद्यालय अभी बंद चल रहे थे, देखरेख के अभाव में जर्जर होने की आशंका थी। 160 पदों पर ईसीसी एजुकेटरों की भर्ती हो चुकी है। ऐसे में अब उन बंद विद्यालयों को खुलवाकर वहां आंगनबाड़ी केंद्र संचालित कराने का निर्णय लिया गया है।

गुरुवार को बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया कि शुक्रवार तक सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवा दी जाए। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर सभी जगह कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाए। जहां एजुकेटर तैनात नहीं हैं, वहां शिक्षामित्र व अनुदेशकों के माध्यम से कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाए।

जल्द होगी 208 पदों पर भर्ती

को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर ईसीसी एजुकेटर के 168 पदों पर करीब डेढ़ वर्ष पहले भर्ती होना था। उस समय जो संस्था भर्ती कर रही थी, उस पर मनमाने ढंग से मेरिट सूची तैयार करने व चयन के नाम पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगा था। उसके बाद संस्था को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया था।

इस बीच दूसरे चरण की भर्ती प्रक्रिया को पूरा करा दिया गया था। इसमें 160 पदों पर चयन कराया गया था। करीब डेढ़ वर्ष के इंतजार के बाद अब दूसरी संस्था का चयन कर लिया गया है। जो 168 ईसीसी एजुकेटर व 40 सहायक तकनीकी पद पर भर्ती होगी, जिन्हें नये आंगनबाड़ी केंद्रों पर तैनाती मिलेगी।

पेयरिंग के बाद जो विद्यालय बंद हो गए थे, वहां आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जाएंगे। शिक्षक दिवस पर वहां कार्यक्रम कराए जाएंगे। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। सभी केंद्रों पर बच्चों के बैठने, खेलने और पोषण के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

-जयशंकर श्रीवास्तव, बीएसए