ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 29 घायल
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 29 लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर 22 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जेएनएन, शाहजहांपुर : ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 29 लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर 22 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
जनपद पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र के चरखोला गांव निवासी जमुना प्रसाद की बेटी पूजा की शादी सिधौली थाना क्षेत्र के गांव कीर्तपुर में हुई है। बीते दिनों पूजा के बेटे का जन्म हुआ था। सोमवार को नामकरण संस्कार की दावत थी। दावत में पूजा के मायके से करीब 40 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से आए थे। मंगलवार को वापस घर जाते समय सिधौली थाना क्षेत्र के महाऊदुर्ग गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे 29 लोग घायल हो गए। मामले की जानकारी जब एसडीएम पुवायां सौरभ भट्ट व सीओ प्रवीण कुमार को लगी तो वह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
यह हुए घायल
आरती, नीरजा देवी, विमला देवी, अरुण, छाया, रामबेटी, गीता देवी, नन्ही, लौंगश्री, मुन्नी, राजेश्वरी, सरला, मंजू, अतुल, रामबेटी, सुशीला, रामजनी, सीमा, कुलदीप, शिवसागर, रामवती, बुद्धा देवी।
मंत्री की फटकार के बाद मिला उपचार
हादसे की जानकारी जब दर्जा राज्यमंत्री सुरेंद्र नाथ बाल्मीकि को लगी तो वह जिला अस्पताल पहुंच गए। कई मरीज गंभीर अवस्था में जमीन पर तड़पते मिले। जिससे मंत्री का पारा हाई हो गया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को फटकार लगाई। इसके बाद सीएमएस डॉ. एमपी गंगवार भी ट्रामा सेंटर पहुंच गए। उन्होंने खुद भी कई मरीजों का उपचार किया। साथ ही चिकित्सकों को लगातार मरीजों का चेकअप करने के निर्देश दिए।