24 लेखपाल निलंबित, 19 पर एफआइआर
शासन के आदेश पर प्रशासन ने हड़ताली लेखपालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर : शासन के आदेश पर प्रशासन ने हड़ताली लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। एडीएम वित्त सर्वेश कुमार ने 24 लेखपालों को निलंबित कर दिया है। जबकि 19 के खिलाफ एस्मा के तहत एफआइआर दर्ज करायी गई है। जबकि 320 को सेवा बर्खास्तगी व 181 को सेवा में व्यवधान का नोटिस दिया गया। निलंबित होने वालों में लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष व मंत्री भी शामिल हैं।
आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपाल कई दिन से आंदोलनरत हैं। कोई सुधार न मिलने पर उन्होंने दस दिन पहले हड़ताल शुरू कर दी थी। खिरनीबाग स्थित जीआइसी खेल मैदान पर हड़ताली लेखपालों का धरना चल रहा है। गुरुवार को एडीएम वित्त सर्वेश कुमार ने लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई की। जिसमें उन्होंने लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष रामकृष्ण यादव, मंत्री अजय चौधरी, नरेश चंद्र, रामदास वर्मा, वेदराम, आलोक यादव, श्रीपाल, अवधेश वर्मा समेत 24 लेखपालों को निलंबित कर दिया। जबकि 19 लेखपालों के खिलाफ एस्मा के तहत एफआइआर दर्ज कराने के संबंधित एसडीएम को निर्देश दिये। एडीएम वित्त ने बताया कि 501 लेखपालों को नोटिस जारी किया गया है, जिसमें 320 की सेवा बर्खास्तगी की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन की कोशिशें होंगी नाकाम : यादव
वहीं दूसरी ओर जीआइसी खेल मैदान में लेखपालों का धरना जारी रहा। जिलाध्यक्ष रामकृष्ण यादव ने कहा कि अधिाकरी हड़ताल समाप्त कराने के लिए हर हथकंडा अपना रहे हैं, लेकिन वह अपनी चाल में कामयाब नहीं होंगे। उनको मांगें माननी ही होंगी। जिला मंत्री अजय चौधरी ने कहा कि जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन वे लोग भी मजबूर हैं। अधिकारी फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं, पर लेखपाल एकजुट हैं। इस दौरान सदर तहसील अध्यक्ष वेदराम जौहर, अशोक चौहान, महेंद्र पाल ¨सह, इकबाल खां, रामदास वर्मा आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता अनुपम तिवारी व संचालन आलोक यादव ने किया।
प्रशासन की वैकल्पिक व्यवस्था
प्रशासन ने लेखपालों को हड़ताल को देखते हुए कानूनगो को आय, जाति व निवास प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट लगाने के लिए लॉगिन जारी करा दिया है। जबकि राशन वितरण के सत्यापन व अन्य कार्यों की जिम्मेदारी अमीनों को दे दी है। फोटो 12 एसएचएन : 28
देर शाम लेखपाल संघ के पदाधिकारियों से बात हुई है। उनसे जनहित में हड़ताल समाप्त करने की अपील की गई है। पदाधिकारियों ने भी प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशों के बाद सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
सर्वेश कुमार, एडीएम वित्त