ओवरब्रिज से गिरा टेंपो, 11 घायल
सवारियां लेकर आ रहा टेंपो ओवरब्रिज से नीचे गिर गया। टेंपो में सवार 11 लोग घायल हो गए।
संवाद सहयोगी रोजा : सवारियां लेकर आ रहा टेंपो ओवरब्रिज से नीचे गिर गया। टेंपो में सवार 11 लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार दोपहर दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर जंगबहादुरगंज की ओर से शाहजहांपुर सवारियां लेकर आ रहा टेंपो क्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे जा गिरा। घटना की जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दी। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। जिन्हें मामूली चोटें लगी थी वह दूसरे वाहनों से घर चले गए।
घायलों में रोजा के जमुका गांव निवासी मोहनी, जमालपुर निवासी पूनम और उनकी बेटी प्रिया, मैगलगंज थाना क्षेत्र के रहजनिया निवासी बाबूराम, रोजा के आइटीआइ निवासी सोनी उनकी बेटी मोनी और सलोनी गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके अलावा पुवायां क्षेत्र के नवाबपुर निवासी हेमा उनकी सात वर्षीय बेटी माया, सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के चांदापुर गांव निवासी रामदेवी के भी चोटें लगी हैं।
जाम से निकालने में अनियंत्रित हुआ टेंपो
नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह जाम लगा था। जिस वजह से टेंपो चालक वाहनों को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान हादसा हो गया।