लहराएगा तिरंगा, गूंजेगा राष्ट्रगान
गौरवशाली इतिहास त्याग व बलिदान का स्मरण कराने वाले गणतंत्र दिवस की वर्षगांठ रविवार को मनाई जाएगी। राष्ट्रीय पर्व पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय खलीलाबाद से प्रभातफेरी निकलेगी।
संतकबीर नगर : गौरवशाली इतिहास, त्याग व बलिदान का स्मरण कराने वाले गणतंत्र दिवस की वर्षगांठ रविवार को मनाई जाएगी। राष्ट्रीय पर्व पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय खलीलाबाद से प्रभातफेरी निकलेगी। भव्यता से कार्यक्रम करने के लिए शनिवार को तैयारियां पूरी की गई। राष्ट्रीय पर्व को यादगार बनाने के लिए विभिन्न विद्यालयों व संस्थाओं में बच्चों ने खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया। एनसीसी कैडेट व राजकीय कन्या इंटर कालेज खलीलाबाद में छात्राओं ने भी तैयारियों का पूर्वाभ्यास किया। सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी खलीलाबाद में बच्चों ने रैली, भारत माता की झांकी, मां तुझे सलाम आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए अभ्यास किया। माडल प्राथमिक खलीलाबाद प्रथम, रंगडगंज, डीघा, उसका कला, पूमावि खलीलाबाद, बयारा आदि स्थानों पर वाद्य यंत्रों के संगत पर छात्र-छात्राओं ने ताल से ताल मिलाया। ब्लूमिग बड्स एकेडमी, खलीलाबाद मांटेसरी स्कूल, सिटी पब्लिक स्कूल आदि स्थानों पर तैयारी में उत्साह बना रह। नगर पालिका द्वारा साफ-सफाई, रंग-रोगन कर विद्युत बल्बों से सजावट किया जा रहा है। स्टेडियम से पांच किमी दौड़, साइकिल रेस आदि प्रतियोगिता होगी।