दोपहर में निकली धूप फिर भी कपकपाती रही ठंड
बर्फीली हवाओं के थपेड़ों से अस्त-व्यस्त हुआ जनजीवन
संतकबीर नगर : पिछले तीन दिनों से बर्फीली हवाओं का दौर चल रहा है। बात अलग है कि दोपहर बाद धूप निकल रही है फिर भी राहत नहीं मिल पा रही है। हवाओं के थपेड़ों के सामने धूप की गर्मी बे-असर साबित हो रही है। हाल है कि लोग घरों में सिमटे दिख रहे हैं। लोग अलाव के सहारे जिदगी काट रहे हैं।
सोमवार को सुबह 10 बजे तक कोहरा और बादल छाए रहे। दिन में करीब 12 बजे धूप तो निकली पर बेजान रही। सर्द हवा से गलन बरकरार रही। चार बजते ही अचानक बदली छाने लगी। सूर्यदेव के अस्त होते ही गलन तेज हो गई। सड़कों पर आवागमन भी बहुत कम रहा। न्यूनतम तापमान नौ डिग्री के आस पास रहा। पिछले चार दिनों से अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं जा रहा है। इससे आमजनों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ठंड से बच्चों व बुजुर्गों के बीमार पड़ने का सिलसिला जारी है। ठंड बढ़ने से ऊनी कपड़ों, हीटर, कोयला व लकड़ी की मांग बढ़ गई है। अब लोग अलाव व ब्लोअर के सहारे समय काट रहे है। नगरपालिका परिषद खलीलाबाद क्षेत्र में 18 स्थानों पर अलाव जलाने का दावा किया जा रहा है। खलीलाबाद बाईपास, गोला बाजार, मिल चौराहा, स्टेशन रोड आदि स्थानों पर लोग लकड़ी व गत्ता जलाकर खुद को ठंड से बचाने का प्रयास करते दिखे। यही हाल जनपद के अन्य स्थानों पर भी है। चौराहों पर लोग अलाव के सहारे ठंड से लड़ रहे हैं।
--- ---
बरदहिया बाजार में गर्म हुआ ऊनी कपड़ों का कारोबार
ठंड में बरदहिया बाजार गर्म रहा। रविवार को लगने वाली बाजार में दो दिन पूर्व से ही गर्म व ऊनी कपड़ों की खरीदारी शुरू हो जा रही है। सोमवार को गर्म कपड़ों की थोक व फुटकर खरीदारी के लिए ग्राहकों का तांता लगा रहा है। पिछले सप्ताह से इस बार गर्म कपड़ों के दाम में उछाल रहा।