दिल्ली में धरना देंगी आशा कर्मी: सरोज
संतकबीर नगर: जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर में रविवार को आशा कर्मचारी यूनियन की बैठक हुई। मंडल स
संतकबीर नगर: जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर में रविवार को आशा कर्मचारी यूनियन की बैठक हुई। मंडल संरक्षक सुभाष उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कई ¨बदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। मानदेय की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने हुंकार भरी। इसके इतर 18 से 20 दिसंबर तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले धरना-प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई।
आशा कर्मचारी यूनियन की जिलाध्यक्ष श्रीमती सरोज यादव ने कहाकि आशा व आशा संगिनी को राज्य कर्मचारी बनाने व सुनिश्चित मानदेय को लेकर लगातार संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार खामोश बैठी है। इन्होंने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आशा कार्यकर्ताओं के पारिश्रमिक को दो गुना करने की घोषणा की थीं लेकिन इसके बाद भी सिर्फ एक हजार रूपये ही बढ़े । इससे प्रतीत होता है कि सरकार आशा कार्यकर्ताओं के साथ धोखा कर रही है, इसे कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन्होंने कहा कि पिछले दिनों लखनऊ में धरना के दौरान सूबे की परिवार कल्याण मंत्री से वार्ता हुई थीं। मंत्री ने शीघ्र ही मानदेय का फैसला लिए जाने का आश्वासन दिया गया था, इस पर अभी तक अमल नहीं किया गया। लोकसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है, ऐसे में सरकार पर दबाव बनाने के लिए 18 से 20 दिसंबर तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया जाएगा। इसमें जिले से बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता भाग लेंगी। बैठक में ट्रेड यूनियन काउंसिल के शिव कुमार गुप्ता ने पहुंचकर आशा कार्यकर्ताओं के संघर्ष को समर्थन दिया। इन्होंने कहाकि आठ जनवरी को जिले में विभिन्न संगठनों का प्रदर्शन होगा। बैठक में सेमरियावां ब्लाक अध्यक्ष मीरा चौधरी, संजू प्रभा, चित्रकला पांडेय, अनीता देवी, गीता देवी, ऊषा शर्मा, गुड्डी देवी, उषा चौधरी, मीनू देवी, ओम देवी, सोनमती, मीना पांडेय, लालचंद्र, हसमुख लाल शर्मा, देवेंद्र पांडेय, मनोज कुमार, जयराम के अलावा अन्य लोग उपस्थित रहे।