सड़कों पर सन्नाटा, घरों में चहल-पहल
अधिकतर गांवों में बने क्वारंटाइन केंद्रों में जरूरी सुविधाएं नहीं है।
संत कबीरनगर: देशव्यापी लॉकडाउन के दसवें दिन यानी शुक्रवार को भी राष्ट्रीय राजमार्ग गोरखपुर-लखनऊ, राजकीय मार्ग खलीलाबाद-धनघटा व खलीलाबाद-मेंहदावल के अलावा शहर व देहात की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। घरों में लोग टीवी पर आ रहे धारावाहिक, समाचार आदि देखकर समय काटते हुए मिले। कोरोना से जारी जंग में इस दिन खलीलाबाद बाईपास, चंद्रशेखर तिराहा, मुखलिसपुर तिराहा, बैंक रोड सहित अन्य स्थानों पर पुलिस कर्मी तैनात रहे। फल, सब्जी, दवा, किराना की कुछ दुकानों को छोड़कर अधिकतर दुकानें बंद रहीं। सन्नाटे के बीच सड़कों पर डीएम रवीश गुप्त, एसपी ब्रजेश सिंह के अलावा अन्य पुलिस कर्मी, एंबुलेंस व अधिकारियों की गाड़ियां दौड़ती रहीं।
अधिकतर गांवों में बने क्वारंटाइन केंद्रों में जरूरी सुविधाएं नहीं है। अंधेरे में मच्छर मारते समय कट रहा है। बरईपार पैठान गांव में क्वारंटाइन सेंटर बना विद्यालय इसका उदाहरण है। गुरुवार की रात करीब दस बजे बीडीओ-खलीलाबाद सौरभ कुमार पाण्डेय यहां पर पहुंचे। रात के अंधेरे में बाहर से आए कुछ लोग मच्छरदानी लगाकर तो कुछ लोग बिना मच्छरदानी के चारपाई पर बैठे मिले। पूछताछ करने पर बीडीओ को पता चला कि इस गांव में 20 मार्च के पहले 25 लोग बाहर से आए थे। क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे लोग घर का भोजन किए हैं।