संत कबीर नगर में बांस-बल्ली के सहारे घरों तक पहुंच रही बिजली, विद्युत पोल की मांग को लेकर प्रदर्शन
संत कबीर नगर के मुंडेरा राय गांव में बिजली के खंभे न लगने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।

बांस-बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति
HighLights
मुंडेरा राय गांव में विद्युत पोल न लगने से समस्या।
ग्रामीण बांस-बल्ली के सहारे ले रहे बिजली आपूर्ति।
अधिकारियों से जल्द पोल लगाने की मांग की गई।
संवाद सूत्र, बसवारीगांव (संत कबीर नगर)। हैंसर ब्लॉक क्षेत्र के मुंडेरा राय गांव में विद्युत पोल नहीं लगाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बाहर मकान बनाकर रहने वाले कई परिवारों को अब तक बिजली की समुचित सुविधा नहीं मिल सकी है।
विद्युत पोल दूर होने के कारण बांस-बल्ली के सहारे घरों तक बिजली पहुंचाई जा रही है, जबकि कई परिवार विद्युत कनेक्शन से भी वंचित हैं। समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहर बसे परिवारों के घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए विद्युत पोल लगाने की मांग कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई। इसके लिए मौखिक रूप से शिकायत करने के साथ ही प्रार्थनापत्र भी दिए गए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पोल नहीं होने के कारण कई परिवारों को अंधेरे में जीवन गुजारना पड़ रहा है।
शुक्रवार को महिला और पुरुष ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द घरों के दरवाजे तक पोल लगवाने की मांग की।
प्रदर्शन करने वालों में जयन्ता देवी, ललिता देवी, बिंदु देवी, पूनम, चंद्रावती, मालती, सुशीला, तिरमाती, बबीता, सुरेश, श्रीकेश, बजरंगी, रविभूषण, शकुंतला, दीपनारायण, राजू, सतीश, जिलेबा, जसवंत, प्रभुनाथ गुप्ता, झिनु गुप्ता, रामप्रीत हरिजन, पारसनाथ शर्मा, महावीर गुप्ता, इंद्रजीत, बांसा देवी और रामशरण सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
