विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संतकबीरनगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली से दबकर छात्रा की मौत पर हंगामा, प्रशासन से अवैध खनन रोकने की मांग

Published: Sat, 24 Oct 2026 08:16 PM (IST)

संत कबीर नगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक छात्रा की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों और ...और पढ़ें

मामले में पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और चालक व ट्रैक्टर-ट्रॉली को हिरासत में ले लिया है।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और चालक व ट्रैक्टर-ट्रॉली को हिरासत में ले लिया है।

HighLights

  1. छात्रा की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर हुई मौत, परिजनों में गुस्सा।

  2. ग्रामीणों ने अवैध मिट्टी खनन पर रोक लगाने की मांग की।

  3. पुलिस ने चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को हिरासत में लिया।

संवाद सूत्र, दुधारा (संतकबीरनगर)। मंगुवा पांडेय चौराहे के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से इंटर की छात्रा की मौत के बाद शनिवार को स्वजन और ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।

उन्होंने हादसे के लिए तेज रफ्तार और मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग उठाई। पुलिस के कार्रवाई का भरोसा देने के बाद स्वजन ने छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया।

दुधारा थाना क्षेत्र के मेलान खुर्द निवासी रामजीत की 16 वर्षीय पुत्री आंचल शुक्रवार को साइकिल से स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान मंगुवा पांडेय चौराहे के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी।

घटना के बाद शनिवार सुबह स्वजनों और ग्रामीणों में आक्रोश था। उनका कहना था कि क्षेत्र में दिन-रात मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रालियां तेज रफ्तार से दौड़ती हैं। इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन इस समस्या पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

अवैध मिट्टी खनन पर रोक लगाने की मांग

स्वजनों और ग्रामीणों ने कहा कि मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की बेलगाम आवाजाही से सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने अवैध मिट्टी खनन पर रोक लगाने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाराज स्वजनों को समझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद शनिवार सुबह छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटी की मौत से मां बिंदु देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्य भी सदमे में हैं।

चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली हिरासत में

दुधारा के थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को हिरासत में लिया गया है। प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है।