एसपी ने पूरे जिले में चलवाया ऑपरेशन मजनू, 226 मनचलों ने थाने में भरा माफीनामा, 123 का कटा चालान
संतकबीरनगर पुलिस ने छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए दो दिवसीय 'ऑपरेशन मजनू' चलाया, जिसमें 226 मनचलों से माफीनामा भरवाया गया।

HighLights
दो दिवसीय ऑपरेशन मजनू, छात्राओं-महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
226 मनचलों से माफीनामा भरवाकर भविष्य के लिए चेतावनी दी गई।
123 वाहनों का चालान कर 1.25 लाख रुपये सम्मन शुल्क वसूले गए।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस ने जिलेभर में दो दिवसीय ऑपरेशन मजनू चलाया।
एसपी संदीप कुमार मीना के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। अभियान की जद में मनचलों के साथ कम उम्र में वाहन चलाने वाले किशोर और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले भी आए।
दो दिनों के अभियान में पुलिस ने अनुचित तरीके से घूमने और अशोभनीय गतिविधियों में संलिप्त मिले 226 मनचलों से माफीनामा भरवाया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 123 वाहनों का चालान कर 1.25 लाख रुपये सम्मन शुल्क वसूला गया। पांच दोपहिया वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा सात लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया, जबकि एक के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया। 12 लोगों का बीएनएस की धारा 355 के तहत चालान किया गया।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास रही विशेष नजर
पुलिस टीमों ने स्कूल-कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवकों पर नजर रखी। छात्राओं और महिलाओं को असहज करने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों को रोककर पूछताछ की गई और चेतावनी दी गई। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि छात्राओं का पीछा करना, सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय हरकत करना, अभद्र टिप्पणी करना या महिलाओं को असहज महसूस कराने वाला कोई भी व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान पुलिस ने अभिभावकों और युवाओं को भी यातायात नियमों का पालन करने तथा नाबालिगों को वाहन न देने की हिदायत दी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि स्कूल-कालेज जाने वाली छात्राओं और महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना भी है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की चेकिंग जारी रखने की बात कही गई है।
मेंहदावल में 20 से भरवाया माफीनामा
मेंहदावल: बालिकाओं की सुरक्षा और शिक्षण संस्थानों के आसपास सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा के निर्देश पर मेंहदावल पुलिस ने बुधवार को ऑपरेशन मजनू चलाया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के आसपास सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान स्कूलों के बाहर अनावश्यक रूप से घूमने, छात्राओं को परेशान करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 21 युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें एक आरोपित के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू की गई, जबकि 20 युवकों से भविष्य में ऐसी हरकत न करने का माफीनामा भरवाकर चेतावनी दी गई।
