विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संत कबीर नगर में तेज रफ्तार ट्रक ने ली युवक की जान, शव लेकर सड़क पर कार्रवाई की मांग करते रहे परिजन

Published: Wed, 19 Aug 2026 09:41 PM (IST)

संत कबीर नगर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 40 वर्षीय जितेंद्र सिंह को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। फोरलेन पर डीघा बाइपास के पास बुधवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 40 वर्षीय युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंचे स्वजन ने अज्ञात टेलर चालक की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर शव पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया। मामला गरमाया तो सीओ भी मौके पर पहुंच गए।

भीड़ का आक्रोश देखकर मौके पर एएसपी सुशील कुमार सिंह और एसडीएम हृदयराम तिवारी पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए। दूसरी तरफ फोरलेन जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटे भर यातायात प्रभावित रहा।

गौरापार गांव निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र जगदीश सिंह मगहर स्थित रैनपेपर मिल में काम करते थे। बुधवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद करीब सात बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। डीघा बाइपास के पास जैसे ही वह पहुंचे गोरखपुर की ओर से बस्ती की तरफ जा रही तेज रफ्तार टेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया।

टक्कर लगते ही जितेंद्र सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद ट्रक उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर तेजी से भाग निकला। थोड़ी ही देर में आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही औद्योगिक चौकी प्रभारी धर्मनाथ यादव और मगहर चौकी प्रभारी विनोद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी जुटाने के साथ शव को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू की। इसी बीच मृतक जितेंद्र के स्वजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

स्वजन ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शव पुलिस को सौंपने से मना कर दिया। उनका कहना था कि हादसे के जिम्मेदार चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। मामला बढ़ता देख इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों काे दी गई।

मौके पर सीओ, एसडीएम के बाद एएसनी पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मृतक के स्वजन से बातचीत कर मुकदमा दर्ज करने और फरार वाहन और चालक की पहचान कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर वे माने। रात आठ बजे के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सका।