संतकबीरनगर में होमगार्ड भर्ती के लिए 14 से 21 सितंबर तक होगी दौड़, जारी हुआ शेड्यूल
संतकबीरनगर में होमगार्ड भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 14 से 21 सितंबर तक पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड में होगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
होमगार्ड भर्ती की दौड़ 14 से 21 सितंबर तक संतकबीरनगर में।
पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड में प्रतिदिन 900 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा।
पुरुषों को 4.8 किमी, महिलाओं को 2.4 किमी दौड़ पूरी करनी होगी।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। जिले में होमगार्ड भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) 14 से 21 सितंबर तक पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड में कराई जाएगी। प्रतिदिन करीब 900 अभ्यर्थियों को दो पालियों में बुलाया जाएगा। एक दिन 22 सितंबर को रिजर्व रखा गया है। पहले इस परीक्षा के लिए 8 से 15 सितंबर की तिथि निर्धारित की गई थी।
उत्तर प्रदेश में 41,424 होमगार्ड पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण के बाद अब शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई जा रही है। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र भी जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी पंजीकरण नंबर और जन्मतिथि के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड का हुआ चयन
पूरे प्रदेश में परीक्षा के लिए 15 सेंटर बनाएं गए हैं। इसमें गोरखपुर जोन के जिलों के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए संतकबीरनगर जिले के पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड का चयन किया गया है।
यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर में सात खाद्य विक्रेताओं पर लगा 5.15 लाख रुपये जुर्माना, कानपुर देहात और गोरखपुर के व्यापारी भी शामिल
पुलिस लाइंस के करीब 400 मीटर के ग्राउंड को दौड़ परीक्षा के लिए तैयार किया जा रहा है। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में सुबह पांच बजे 450 और दूसरी पाली में सुबह छह बजे 450 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 28 मिनट में और महिला अभ्यर्थियों को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी होगी।
गोरखपुर जोन में संतकबीरनगर पुलिस लाइंस को होमगार्ड अभ्यर्थियों की दौड़ परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए समय, केंद्र और दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
संदीप कुमार मीना, एसपी संतकबीरनगर
