Road Accident: संतकबीर नगर में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, दोस्त की शादी में शामिल होने गए थे
Road accident in sant kabir nagar हादसे में मरे दोनों युवक जिला अस्पताल में स्वीपर के पद पर काम करते थे। दोनों दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए गोरखपुर के खजनी में गए थे। घटना के बाद गांव में मातम छा गया।
संतकबीर नगर, जागरण संवाददाता। संतकबीर नगर जिले के मुहली थाना क्षेत्र के घोरही गांव के दो युवकों की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों मित्र थे और जिला अस्पताल में स्वीपर के पद पर काम कर रहे थे। बुधवार की देर रात बाइक से गोरखपुर जनपद के खजनी थाना क्षेत्र से अपने मित्र की शादी से वापस लौट रहे थे। मैंनसिर-मोलनापुर मार्ग पर स्थित कटका चौराहे पर अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक को ठोकर मार दी। मौके पर ही दोनों की मृत्यु हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
यह है पूरा मामला
घोरही गांव के निवासी सरवन कृषि विभाग में काम करते हैं। उनके तीन बेटों में दूसरे नंबर का बेटा 24 वर्षीय नीरज की शादी दो वर्ष पहले बनकटिया में हुई थी। उसकी एक वर्ष की बेटी भी है। नीरज जिला अस्पताल में स्वीपर था। वह बुधवार को गांव के ही बीस वर्षीय विशाल के साथ खजनी थाना क्षेत्र के सीकर में अपने मित्र की शादी में शामिल होने गए थे। विशाल भी जिला अस्पताल में स्वीपर था। दोनों देर रात पल्सर बाइक से बारात से वापस अपने घर लौट रहे थे।
ऐसे हुआ हादसा
दोनों अभी गिठनी के आगे कटका चौराहे पर पहुंचे ही थे कि तभी पीछे से अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सवार सड़क पर ही बुरी तरह से कुचल गए। मौके पर ही दोनों की मृत्यु हो गई। रात में किसी ने पुलिस को सड़क पर शव पड़े होने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों की पचहान हुई। दो युवकों की असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महुली के थानाध्यक्ष संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें, गोरखपुर में खून का रिश्ता हुआ कलंकित, जमीनी विवाद में छोटे भाई को पीटकर उतारा मौत के घाट