खतरे के निशान से दो मीटर नीचे बह रही राप्ती
संत कबीरनगर मेंहदावल के कछार क्षेत्र में बहने वाली राप्ती नदी के जलस्तर में लगातार बढोत्तर
संत कबीरनगर : मेंहदावल के कछार क्षेत्र में बहने वाली राप्ती नदी के जलस्तर में लगातार बढोत्तरी हो रही है। यह नदी खतरे के निशान से लगभग दो मीटर नीचे बह रही है। कई दिनों से बीच-बीच में बारिश हो रही है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि यदि इसी तरह आगे भी बारिश होती रही तो इस नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकती है। स्थानीय लोग बांध की सुरक्षा को लेकर आशंकित है।
19.2 किमी लंबे करमैनी-बेलौली बांध के तिवारीपुर, नौगो, विशुनपुर आदि स्थानों के पास रेनकट की भरमार है। कुछ दिन पूर्व डीएम रवीश गुप्त ने बांध का जायजा लिया था। ड्रेनेज खंड के अधिकारियों को तत्काल रेनकट, रेटहोल्स को भरने का निर्देश दिया था। इसके बाद कुछ जगहों पर भरे भी गए लेकिन अभी भी कई स्थानों पर रेनकट व रेटहोल्स मौजूद है। वर्तमान में राप्ती नदी 77.74 मीटर पर बह रही है जबकि खतरे का निशान 79. 5 मीटर है। बेलहर में बहने वाली आमी नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। लोगों के आवागमन के लिए यहां एक संपर्क मार्ग का निर्माण हुआ था। यह जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। एसडीएम नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि राप्ती के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। जहां भी रेनकट, रेटहोल्स हैं, उनको जल्द भरवाया जाएगा।