मनरेगा मेट चयन को लेकर प्रधानों ने किया प्रदर्शन
चयन में अनियमितता का लगाया आरोप
संतकबीर नगर: मनरेगा मेट के चयन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रधानों ने सोमवार को ब्लाक कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। सभी ने चयनित सूची को निरस्त करते हुए मानक अनुसार पात्रों का चयन किए जाने की मांग की। प्रभारी बीडीओ के आश्वासन पर प्रदर्शन खत्म हुआ।
बघौली ब्लाक कार्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष सत्यपाल यादव ने कहा कि मनरेगा महिला मेट के चयन में एडीओ आईएसबी की भूमिका संदिग्ध है। ग्राम पंचायतों के प्रधान व सचिव द्वारा प्रस्तावित समूह की महिलाओं का ही चयन किया जाना था। मनमाने रूप से चयन की प्रक्रिया को पूरा किया गया है। उन्होंने चयन सूची को निरस्त करने की मांग करने के साथ ही सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रभारी बीडीओ रवीन्द्र कुमार ने ग्राम प्रधानों की समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान नबीउल्लाह, श्याम बहादुर सिंह, मो. हफीज,विनोद,वीरेन्द्र यादव, राम शिव चौधरी, वेगानन्द यादव, मुरली पाण्डेय, राजकपूर, जगदीश यादव, सुनील यादव, अशोक यादव समेत अनेक प्रधान मौजूद रहे। धान खरीद न होने व डीएपी की किल्लत पर सपाइयों का प्रदर्शन
संतकबीर नगर: समर्थन मूल्य योजना के तहत किसानों से धान खरीद न होने, डीएपी की किल्लत आदि समस्याओं को लेकर सपाइयों ने धनघटा तहसील परिसर में सोमवार को प्रदर्शन किया। सपाइयों ने कहा, यदि समस्या जल्द दूर न हुई तो सभी कार्यकर्ता वृहद आंदोलन करने के लिए विवश हो सकते हैं। किसानों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल को संबंधित मांगों का ज्ञापन एसडीएम योगेश्वर सिंह को सौंपा।
पूर्व विधायक अलगू प्रसाद चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार में समर्थन मूल्य योजना के तहत धान की खरीद किसानों से न करके बिचौलियों के माध्यम से की जा रही है। किसान काफी कम मूल्य में गल्ला कारोबारियों को धान बेचने के लिए विवश हैं। क्षेत्र के किसानों को डीएपी नहीं मिल पा रही है। इसकी वजह से उनकी गेहूं बोवाई पर बुरा असर पड़ रहा है। किसान खाद के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। यदि किसानों की इस समस्या का जल्द निदान नहीं हुआ तो सभी कार्यकर्ता वृहद धरना-प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे। इस अवसर पर सत्येंद्र यादव, जयराम यादव ,केशव राजभर ,राहत हुसैन ,वीरेंद्र यादव, राजेंद्र प्रसाद,राजेंद्र आजाद, श्याम सिंह यादव,वाहिद खान, महेश वर्मा, लाल बहादुर यादव, जय श्याम समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।