कांग्रेस को आशा भरी निगाह से देख रही जनता : सचिन नाइक
कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव सचिन नाइक ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है। पार्टी के शासन में हर वर्ग का विकास हुआ। हर वर्ग के लोग कांग्रेस की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं क्योंकि कांग्रेस जो वादा करती है वह पूरा करती है।
संतकबीर नगर : कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव सचिन नाइक ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है। पार्टी के शासन में हर वर्ग का विकास हुआ। हर वर्ग के लोग कांग्रेस की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं क्योंकि कांग्रेस जो वादा करती है वह पूरा करती है।
राष्ट्रीय सचिव सोमवार को पुलिस लाइन के सामने संतकबीर नगर लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी भालचंद्र यादव के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहाकि आज किसान, नौजवान व गरीब सभी का भाजपा की जन विरोधी नीतियों से मोहभंग हो गया है।
चाहे वह किसानों का कर्जमाफी हो, रोजगार हो या गरीबों व आमजनों के लिए विभिन्न योजनाएं हों। जबकि भाजपा अपने किए वादों को खुद ही जुमला बताती है। कांग्रेसजन किसी पर आक्षेप करने की बजाय अपने कामों पर ध्यान दें। चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत की जरूरत है। भालचंद्र की जीत आम आदमी की जीत होगी। जिलाध्यक्ष परवेज अहमद ने कहाकि मैं तो पहले से ही उन्हें पार्टी में लाना चाहता था। मैं तो मजबूती से चुनाव लड़ता, भालचंद्र उससे अधिक मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। इन्हें संसद में पहुंचाना हम सबकी जीत है। इस मौके पर पूर्व मंत्री जयप्रकाश यादव, लोकसभा प्रभारी विश्वविजय सिंह, युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष नाजिम खां आदि मौजूद रहे।