रामलला के स्थान को लेकर कोर्ट का फैसला ऐतिहासिक
शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के अयोध्या में रामलला के स्थान को लेकर सुनाए गए फैसले को लोगों ने ऐतिहासिक बताया है। विभिन्न दलों के नेताओं ने इसकी सराहना की है। पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्र ने कहा कि कोर्ट के इस निर्णय से देश में सामाजिक एकता और सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा। यह देश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
संतकबीर नगर: शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के अयोध्या में रामलला के स्थान को लेकर सुनाए गए फैसले को लोगों ने ऐतिहासिक बताया है। विभिन्न दलों के नेताओं ने इसकी सराहना की है।
पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्र ने कहा कि कोर्ट के इस निर्णय से देश में सामाजिक एकता और सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा। यह देश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। यह आम जनमानस के लिए लाभकारी साबित होगा।
पूर्व सांसद अष्टभुजा प्रसाद शुक्ल ने कहा कि अयोध्या में रामलला के स्थान को लेकर सर्वाेच्च न्यायालय का फैसला ऐतिहासिक है। इस निर्णय से न्यायपालिका व संवैधानिक पीठ की गरिमा और गौरवान्वित हुई है। इससे लोकतंत्र की नींव और सामाजिक एकता और मजबूत हुई है।
पीस पार्टी के अध्यक्ष व खलीलाबाद के पूर्व विधायक डा. अयूब ने कहा कि कोर्ट के फैसले से लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूती मिली है। आम जनमानस सहित सभी लोगों ने इसे सराहा है। कोर्ट का यह फैसला देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा। कोर्ट के इस निर्णय से लोगों में आपसी सौहार्द बढ़ेगा।