मानवता पर ऐसी चोट की फट गई नसें
मानवता पर ऐसी चोट पड़ी की बुजुर्ग महिला की पेट की नसें फट गई। यह हम नहीं बल्कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट कहती है। इस महिला की पेट में गहरी चोट लगने व अधिक रक्तस्राव से मौत हो गई। मनबढ़ों की पिटाई से घायल यह महिला धनघटा थाने के गेट पर न्याय की आस में पांच घंटे तक तड़पती रही।
संतकबीर नगर: मानवता पर ऐसी चोट पड़ी की बुजुर्ग महिला की पेट की नसें फट गई। यह हम नहीं बल्कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट कहती है। इस महिला की पेट में गहरी चोट लगने व अधिक रक्तस्राव से मौत हो गई। मनबढ़ों की पिटाई से घायल यह महिला धनघटा थाने के गेट पर न्याय की आस में पांच घंटे तक तड़पती रही। न्याय तो दूर इस महिला को तुरंत उपचार कराने के लिए पुलिस आगे नहीं आई। इस घटना ने पुलिस कर्मियों के अंदर की मर गई मानवीय संवेदनाओं को उजागर कर दी है। लोग कह रहे हैं कि यदि पुलिस तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजी होती तो शायद इस महिला की जान बच सकती थी। धनघटा थानाक्षेत्र के नेतवापुर गांव में बीते शुक्रवार की देर रात मनबढ़ों ने 62 वर्षीय चंद्रा देवी को मारपीट कर गंभीर रुप से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद तीसरे दिन भी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं मारपीट की घटना में शामिल मनबढ़ गांव से फरार हैं। पतोहू फूलमती पत्नी नागमणी ने कहा कि अगर पुलिस व तहसील प्रशासन जरा भी गंभीर होते तो यह नौबत न आती। पुलिस की निष्क्रियता से मनबढ़ों का मनोबल बढ़ा। सास की मौत के बाद मारपीट में घायल दुर्गेश को 24 घंटे के बाद पुलिस ने इलाज के लिए सीएचसी-हैंसर भेजा। यहां से उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया गया। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने धारा में बढ़ोत्तरी नहीं की। परिजनों ने धर्मराज समेत सात लोगों के विरूद्ध तहरीर दी थी लेकिन चार के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज हुई। वहीं तहसीलदार वंदना पांडेय रविवार को टीम के साथ मौके पर पहुंच कर विवादित भूमि की पैमाइश की लेकिन भूमि किसकी है अभी तक यह पता नहीं चला।
--------
सीओ-धनघटा के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्रजेश सिंह, एसपी