मिल कर्मियों की लापरवाही किसानों पर पड़ रही भारी
संतकबीर नगर: गन्ना किसानों पर मिल कर्मियों की लापरवाही भारी पड़ सकती है। जिससे किसानों का गन्ना उनके
संतकबीर नगर: गन्ना किसानों पर मिल कर्मियों की लापरवाही भारी पड़ सकती है। जिससे किसानों का गन्ना उनके खेत में खड़े रहने की आशंका उन्हें सताने लगी है। किसानों की मानें तो जहां पर गन्ने के खेतों के क्षेत्रफल का सर्वे करने और उसके बाद सर्वे का प्रदर्शन करने में खेल हुआ है,वहीं पर सरकार के नए फरमान के अनुसार आवश्यक कागजात भी ले जाने में मिल कर्मियों ने रुचि नहीं दिखाई।
किसानों के गन्ने की फसल खेतों में लहलहा रही है। जल्द ही उसकी कटाई और मिल पर बेचने की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। लेकिन पौली क्षेत्र के किसान जो कि रुधौली शुगर मिल से जुड़े हुए हैं। उनमें बहुतों का आरोप है कि नया मेंबर बनाने से लगायात क्षेत्रफल का सर्वे और उनके रकबे का प्रदर्शन करने में लापरवाही और खेल जारी रहती है। क्षेत्र के किसान राम दरस, पूनम, मुख्तार, राजमन, सत्यदेव आदि का कहना कि नए मेंबर को बनाने के लिए जहां समित से ढाई सौ रुपये के आसपास की रसीद कटती है। कर्मी दो -दो हजार लेने में भी हिचक नहीं दिखाते हैं। इसके अलावा जब गन्ने के क्षेत्रफल की माप की जाती है, तब भी सबके खेतों का सही क्षेत्रफल नहीं देते हैं। इसके अतिरिक्त जब क्षेत्रफल का प्रदर्शन करना होता है तो गिने चुने किसानों के यहां बैठकर प्रदर्शन करा देते हैं। जिसकी जानकारी अधिकतर किसानों को कानो काम नहीं हो पाती है। जिससे किसान अपने गन्ने की बिक्री की आस में पूरे सीजन टकटकी लगाए रहता है। लेकिन टोकन के अभाव में उसका गन्ना औने पौने दामों पर बिकता है। इसी तरह से सरकार के नए नियमों के अनुसार इस सत्र के लिए जहां किसान का खतौनी,आधार कार्ड, फोटो,बैंक खाता संख्या मिल के द्वारा मांगा गया। वहीं पर बहुत से किसान ऐसे हैं,जो मिल तक नहीं पहुंच पाते हैं। लेकिन इस कार्य के लिए लगाए गए कामगार भी खरे नहीं उतरे और बहुत से किसानों के कागजात अभी भी नहीं जमा हो पाए। जिससे किसान काफी निराश और हताश हैं।