रैन बसेरा में ताला, प्लेटफार्म में कट रही रातें
ठंड ने दस्तक दे-दी है। इस समय नगरपालिका परिषद खलीलाबाद के बंजरिया और खलीलाबाद बाईपास में स्थित दो रैन बसेरा में ताला लटक रहा है। जबकि शासन ने बेघर व असहाय गरीब महिला पुरूषों को सुरक्षित छत के साथ ही दोनों वक्त मुफ्त में भोजन देने ठहरने सोने सहित सारी व्यवस्था प्रदान करने के लिए रैन बसेरा की स्थापना की है।
संतकबीर नगर: ठंड ने दस्तक दे-दी है। इस समय नगरपालिका परिषद खलीलाबाद के बंजरिया और खलीलाबाद बाईपास में स्थित दो रैन बसेरा में ताला लटक रहा है। जबकि शासन ने बेघर व असहाय गरीब महिला, पुरूषों को सुरक्षित छत के साथ ही दोनों वक्त मुफ्त में भोजन देने, ठहरने, सोने सहित सारी व्यवस्था प्रदान करने के लिए रैन बसेरा की स्थापना की है। लापरवाही के चलते ये बंद हैं। अनेकों बेघर व असहाय गरीब व्यक्तियों की रातें रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, ओवरब्रिज के नीचे ठिठुरते हुए कट रही हैं।
------------
खलीलाबाद में केवल दो रैन बसेरा
खलीलाबाद शहर में दो रैन बसेरा है। यहां उचित इंतजाम न होने से समस्या है। यहां ताला लगा रहता है। ठंड से पहले रैन बसेरा को सक्रिय रखते हुए यहां पर उचित इंतजामात किया जाना चाहिए था। दोनों रैन बसेरा में ताला लटके रहने से सहज ही समझा जा सकता है कि गरीबों, असहायों, बेघरों के लिए नगरपालिका व जिला प्रशासन कितना संवेदनशील है ? यही स्थिति आगे भी रही तो किसी गरीब की ठंड में मौत हो सकती है।
---------
तापमान में गिरावट, बढ़ी परेशानी
कोहरा व तापमान में गिरावट से बेघरों के लिए रात की नींद लेना मुश्किल हो गया है। खलीलाबाद शहर के स्थाई व अस्थायी रैन बसेरा में करीब 50 लोगों के रहने की क्षमता है। रेलवे स्टेशन परिसर, बस, टैक्सी स्टैंड, खलीलाबाद बाईपास के ओवरब्रिज, समय माता मंदिर परिसर, कचहरी, तहसील परिसर, परिषदीय विद्यालय आदि स्थानों पर तमाम गरीब रात गुजार रहे हैं।
--------
रैन बसेरा में मिलेगी सुविधा
ठंड से बेघरों, असहायों को बचाव के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। खलीलाबाद बाईपास पर पुल के नीचे शेड में व्यवस्था की गई है। पेयजल, प्रकाश, कंबल, रजाई, बिस्तर व अलाव सहित सारी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। दोनों रैन बसेरा को सक्रिय किया जाएगा। बीना सिंह-ईओ
नगरपालिका परिषद खलीलाबाद
------