कानून व्यवस्था को लेकर आइजी ने कसा विभाग का पेंच
बस्ती मंडल के पुलिस महानिरीक्षक और जिले के नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार सोमवार को अपराध की समीक्षा की।
संतकबीर नगर : बस्ती मंडल के पुलिस महानिरीक्षक और जिले के नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार सोमवार को अपराध की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि थाने पहुंचे पीड़ितों को हर हाल में न्याय मिले। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में देर शाम पहुंचे आइजी का एसपी ब्रजेश सिंह व एएसपी असित श्रीवास्तव ने स्वागत किया। आइजी ने अपराध रजिस्टर को देखा और पत्रावलियों पर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानावार सभी मामलों का विवरण दर्ज होना चाहिए। किस मामले में क्या प्रगति है, इसकी जानकारी आम जनता को आनलाइन मिलनी चाहिए। कुछ पत्रावलियों में कमी देख उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों की क्लास भी लगाई। चर्चित मामलों की प्रगति भी देखी। जिला बदर, गैंगेस्टर, पशु तस्करों व अन्य अपराधियों के बारे में जानकारी हासिल कर उन पर नजर रखने की हिदायत दी।