दंपती के खाते से उड़ा दिए पांच लाख, मुकदमा
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संतकबीर नगर: महुली थानाक्षेत्र के ग्राम नोक्ता निवासी दंपती के खाते से उसके ही रिश्तेदार ने पांच लाख रुपये उड़ा दिया। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद जानकारी मिलने पर पीड़ित ने थाने मे तहरीर दी तो परंतु कुछ नहीं हो सका। मामले में आइजी के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
आइजी को भेजे गए प्रार्थना पत्र में नोक्ता निवासी धर्मनाथ यादव ने लिखा कि उनकी पत्नी का खलीलाबाद के भारतीय स्टेट बैंक इंडस्ट्रियल एरिया शाखा में खाता है। कोहरगड्डी निवासी उनका रिश्तेदार विकास यादव उनके घर आता जाता रहता था। कुछ दिन पूर्व उनके घर पहुंचकर विकास ने उनके बेटे से गेम खेलने के बहाने मोबाइल मांगा। इसी दौरान उसने आलमारी से उनके और पत्नी के खाते का एटीएम गायब कर दिया। फर्जी तरीके से उनके इसका पासवर्ड भी प्राप्त कर लिया। इसके बाद उसने उनके और पत्नी के खाते से पांच लाख रुपये अपने तथा अन्य परिचितों के खाते में कर दिया। मोबाइल पर धन निकासी का मैसेज देखने पर इसकी जानकारी मिली तो वह थाने पहुंचे परंतु कुछ नहीं हुआ। आइजी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वास हनन व आईटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया। मासूम के साथ दुष्कर्म का प्रयास, आरोपित गिरफ्तार
संतकबीर नगर: बेलहर थानाक्षेत्र के एक गांव में मासूम के साथ दुष्कर्म के प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेजा है।
तहरीर में पीड़िता के पिता ने लिखा है कि बीते एक दिसंबर को वह धान की कुटाई करवाने के लिए ट्रैक्टर लगाया था। मेरी पांच वर्षीय पुत्री तख्त पर सोई थी। तभी ट्रैक्टर पर काम करने वाला मजदूर इस्लामुद्दीन उर्फ चिनगोली निवासी पसाईं भी उसी तख्त पर बैठ गया। पूछने पर बताया कि मालिक बहुत काम लेता है थोड़ा आराम कर लें। जिसके बाद मैं चला गया तो आरोपित ने बच्ची के साथ गलत हरकत की। लड़की ने मां से दर्द होने की बात कही। जिस पर डाक्टर को दिखाया गया। घटना की जानकारी होने के बाद सुलह के लिए तमाम लोग प्रयास करने लगे, लेकिन पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आरोपित को जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।