ट्रैक्टर से कुचलकर किसान की मौत
धनघटा थानाक्षेत्र के मनिकापार गांव में बुधवार की सुबह ग्यारह बजे ट्रैक्टर से कुचलकर 60 वर्षीय शंभूशरण की मौत हो गई। ये ट्रैक्टर से अपने खेत की जोताई कर रहे थे। मिट्टी निकाले जाने की वजह से यह खेत लगभग चार फुट गड्ढा था।
संत कबीरनगर: धनघटा थानाक्षेत्र के मनिकापार गांव में बुधवार की सुबह ग्यारह बजे ट्रैक्टर से कुचलकर 60 वर्षीय शंभूशरण की मौत हो गई। ये ट्रैक्टर से अपने खेत की जोताई कर रहे थे। मिट्टी निकाले जाने की वजह से यह खेत लगभग चार फुट गड्ढा था। खेत की जोताई पूरी करने के बाद ट्रैक्टर को खेत से बाहर निकालने लगे। इसी दौरान ट्रैक्टर पलट गया और ये ट्रैक्टर के नीचे दब गए। इन्हें गांववासियों ने निकाला।
लाकडाउन के चलते नहीं आ पाएंगे बेटे
मृतक शंभूशरण के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। इसमें दो बेटे 32 वर्षीय महेश व 26 वर्षीय बृजेश मुंबई में जबकि तीसरा बेटा 22 वर्षीय संदीप दिल्ली में जीविकोपार्जन करते हैं। वहीं दो बेटियां 25 वर्षीय बबिता और 24 वर्षीय कंचन की शादी हो चुकी है, ये अपने ससुराल में हैं। तीसरी बेटी 21 वर्षीय कनक की अभी शादी नहीं हुई है। मृतक की पत्नी 55 वर्षीय सुदामा और छोटी बेटी कनक का रो-रोकर बुरा हाल रहा। 14 अप्रैल तक लाकडाउन के चलते मुंबई व दिल्ली में रह-रहे तीनों बेटे यहां नहीं आ पाएंगे। इससे ये पिता का अंतिम दर्शन नहीं कर पाएंगे।
बेटी के शादी करने के अरमान रह गए अधूरे
पिता शंभूशरण अपनी छोटी बेटी कनक की शादी धूमधाम से करना चाह रहे थे। बेटी की शादी 22 मई को होनी थी। ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था, शादी के पहले ही पिता की मौत हो गई।