पुण्यतिथि पर याद किए गए डा. आंबेडकर
विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा निकालकर लोगों ने किया बाबा साहब को नमन
संतकबीर नगर : भारत रत्न डा. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि (परिनिर्वाण दिवस) सोमवार को समारोह पूर्वक मनी। प्रभातफेरी, शोभायात्रा, संगोष्ठी आदि कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद करके नमन किया गया। लोगों ने उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो के साथ जय भीम-जय भीम के नारों की गूंज रही।
शहर के मड़या काली मंदिर पर सुबह आठ बजे लोग एकत्र हुए। यहां डा. आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन करके प्रभातफेरी निकाली गई। सुगर मिल चौराहा, जूनियर हाईस्कूल से बैंक चौराहा पहुंचकर लोगों ने डा. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद गोलाबाजार, नेहरू चौक होते हुए शोभायात्रा खलीलाबाद बाईपास पहुंची। यहां भी डा. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। पूर्व विधायक भगवान दास, बसपा के जिलाध्यक्ष धर्मदेव प्रियदर्शी, कुलदीप मणि मिश्र समेत वक्ताओं ने कहा कि डा. आंबेडकर सामाजिक समरसता के अग्रदूत थे। इसी क्रम में अखिल भारतीय अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन, लार्ड बुद्धा भीमराव आंबेडकर संस्थान, डा. आंबेडकर पुरोधा समिति के सदस्यों ने भी प्रभात फेरी निकाली। बाबा साहब के परिनिर्वाण दिवस पर मेंहदावल और धनघटा तहसील में भी तमाम जगहों पर कार्यक्रम हुए। लोगों ने बाबा साहब को याद कर उनके बताए रास्ते पर चलने की शपथ ली। खाद की किल्लत को लेकर कांग्रेसियों ने फूंका योगी का पुतला
संतकबीर नगर : खाद की हो रही किल्लत को लेकर सोमवार की शाम को कांग्रेसियों ने खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के गिरधरपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कहा कि किसान परेशान हैं और प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री की अगुवानी करने में पूरी ऊर्जा लगाने में जुटी है।
पार्टी के प्रदेश सचिव संतोष कटाई और जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने गिरधरपुर स्थित सरकारी खाद की दुकान के सामने योगी का पुतला फूंककर विरोध जताया। नेताओं ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार से हर कोई परेशान है। महंगाई से टूटे किसानों को अब खाद नहीं मिल पा रही है। रातभर समितियों पर रहने के बाद भी किसानों के हाथ खाली हैं। सरकार खाद उपलब्ध कराने का दावा करती है लेकिन जमीन पर कुछ भी नहीं है। जनता परेशान है और भाजपा की सरकार झूठे वादा करने में लगी है। इस दौरान मुख्य रूप से शांति देवी, मीनू सिंह, संतोष, विजय शुक्ल, इरसाद अख्तर, महेंद्र कन्नौजिया, अशोक आर्या समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।