अस्पतालों में उमड़ी भीड़, 22160 लोगों को लगा टीका
पहली बार जिले में इतनी अधिक संख्या में लोगों को टीके लगे
संतकबीर नगर: जनपद के सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को टीका लगवाने के लिए काफी भीड़ उमड़ी। भीड़ इतनी अधिक थी कि कुछ अस्पतालों में टीका घट गया। इसके चलते लोगों ने हंगामा किया। कई लोग बिना टीका लगाए ही घर निराश लौटे। शांतिपूर्ण माहौल में टीका लगवाने के लिए पुलिस कर्मी तैनात रहे। इसके बाद भी यह स्थिति सामने आई। इस दिन कुल 22160 लोगों को टीका लगा।
सीएचसी खलीलाबाद में मंगलवार को अत्यधिक भीड़ देखकर कई लोग वापस घर चले गए। यहां पर पुलिस कर्मियों की उपस्थिति में लोगों को टीके लगाए जा रहे थे। धूप में महिला व पुरुष कतार में खड़े रहे। अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी मेंहदावल में भारी भीड़ उमड़ी। पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में दोपहर के दो बजे 1500 लोगों को टीका लगाया जा चुका था। ज्यादातर लोग मास्क नहीं लगाए थे। कोरोना प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ी। इंटरनेट मीडिया पर फोटो पोस्ट करके लोगों ने व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया। महुली प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर में करीब डेढ़ घंटा देर से वैक्सीन पहुंची। इस पर लाइन में लगे लोगो ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने पहुंचकर मोर्चा संभाला। तब जाकर स्थिति सामान्य हो सकी। इसके अलावा
महुली के परिषदीय विद्यालय पर कैम्प लगा। लोगो को बूथ पर साढ़े नौ बजे ही बुलाया गया लेकिन स्वास्थ्य विभाग का कोई कर्मी नही पहुंचा। घंटों इंतजार के बाद टीका न लगने पर लोग भड़क गए। हंगामा करने लगे। स्वास्थ्य कर्मी करीब डेढ़ घंटा बाद बूथ पर वैक्सीन लेकर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। हैंसर बाजार प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी हैंसर बाजार में पिछले दो दिनों से वैक्सीन न होने के कारण टीकाकरण बंद है। सिरसी, टांडा, तामा और खांजो में मंगलवार को कैंप लगा। सिर्फ 1000 डोज ही उपलब्ध था। टांडा गांव मे लगे कैम्प में इतनी भीड़ पहुंच गई कि पुलिस को आकर सभी को कतार में खड़ा करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी बीच कुछ लोग हंगामा करने लगे है। कैम्प में केवल 250 लोगों को ही टीका लग सका। कई लोग बिना टीका लगाए वापस लौटे।