छह माह से मानदेय नहीं पा रही रसोइयां,करेंगी प्रदर्शन
विद्यालयों में तैनात रसोइयों ने मानदेय व विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।
संतकबीर नगर : मिड-डे-मिल रसोइया कर्मचारी यूनियन के सदस्यों की बैठक रविवार को पूर्व माध्यमिक खलीलाबाद में हुई। यहां विद्यालयों में तैनात रसोइयों ने मानदेय व विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। समस्याओं का निस्तारण जल्द न होने पर खलीलाबाद शहर में रैली निकालकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलेक्ट्रेट में डीएम को सौंपने की योजना बनाई गई है।
जिलाध्यक्ष रमा गोंड ने कहा कि छह माह से सरकार रसोइया कर्मियों को मानदेय नहीं दे रही है। प्रदेश सरकार अयोध्या में अनेकों दीप जलाकर सरयू नदी में डलवा रही है। वहीं, रसोइया कर्मियों के परिवार की महिलाएं कड़ाही में सरसों का एक बूंद तेल डाल पाने की स्थिति में नहीं है। यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो जनपद की सभी रसोइया बहनें 22 अक्टूबर को सभी नौ ब्लाकों के परिषदीय विद्यालयों में चूल्हा नहीं जलाएंगी। इस दिन ये सभी रैली में शामिल होंगी। जिला महामंत्री ध्रूवचंद्र ने कहा कि विद्यालयों में रसोइया पर दबाव डालकर अन्य कार्य भी कराए जा रहे हैं, यह उचित नहीं है। रसोइयों ने कहा कि कुछ विद्यालयों के अध्यापक इन्हें चाबी सौंपकर चले जाते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालय से सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी किया जाना चाहिए। इसकी एक प्रति संगठन को भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इस बैठक में संगीता, फूला देवी, भानमती, सावित्री, कलावती, कौशिल्या, विमला, प्रेमा, मनभावती, मालती, जगराम, विजय नारायण तिवारी आदि मौजूद रहे। नाई समाज के विकास के लिए बच्चों को दिलाएं अच्छी शिक्षा : रामभवन
संतकबीर नगर: गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेदुला चौराहा स्थित एक विद्यालय में रविवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। नाई महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामभवन शर्मा ने नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले खलीलाबाद ब्लाक के गोरयाभार गांव निवासी शशिकांत शर्मा पुत्र लालजी व इसी गांव के सत्य प्रकाश पुत्र बालजीत को फूलमाला पहनाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। दोनों बच्चे गांव के निकट स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़कर यह सफलता हासिल की।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने इन बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इनके माता-पिता की प्रशंसा की। इसके साथ ही नाई समाज के लोगों से कहा कि वह बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं ताकि वे ऊंचा मुकाम हासिल कर सकें। हर क्षेत्र में समाज के लोग आगे आ सकें। इस अवसर पर शिवकुमार शर्मा, बाबूलाल शर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा, विजय शर्मा, डा. कैलाश शर्मा, श्याम बिहारी शर्मा, गणेश शर्मा, उमेश शर्मा, हरिओम शर्मा, दुर्गा प्रसाद, कृष्ण कुमार, राहुल शर्मा आदि मौजूद रहे।