मजदूरी करने आये बिहार के युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत
सदाका उद्योग इंडस्ट्रीज में मजदूरी कर रहे 20 वर्षीय युवक का शव रविवार को फंदे से लटका मिला।
संतकबीर नगर : कोतवाली खलीलाबाद के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सदाका उद्योग इंडस्ट्रीज में मजदूरी कर रहे 20 वर्षीय युवक का शव रविवार को फंदे से लटका मिला। युवक बिहार प्रांत से यहां मजदूरी करने के लिए आया था।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के सहथा नया टोला के रंजन पासवान ने बताया कि उनका भांजा दीपक पासवान मुजफ्फरपुर जिले के सरिथा थाना क्षेत्र के रेवाडुब्बो ढाला से बीते आठ अक्टूबर को खलीलाबाद के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सदाका उद्योग इंडस्ट्रीज में मजदूरी करने के लिए आया था। वह इस फैक्ट्री में पहले से काम करते हैं। रविवार की दोपहर में सभी लोग दशहरा पूजा के देखने के लिए बाहर घूमने गए थे। इसी दौरान फैक्ट्री से उनको सूचना मिली की उनका भांजा एक कमरे में अंदर से दरवाजा बंद कर लिया है। काफी प्रयास के बाद भी वह दरवाजा नहीं खोल रहा है। जब मौके पर पहुंच कर दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो देखा की छत की कुंडी से भांजे का शव लटक रहा है। घटना की जानकारी इंडस्ट्रीज के मालिक ने पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने बताया घटना के मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।