विपक्ष के पास मुद्दा नहीं, भाजपा के साथ खड़ी है जनता
कार्यकर्ताओं में भरा जोश कहा भाजपा की बनेगी पूर्ण बहुमत की सरकार
संतकबीर नगर: भारत सरकार के पूर्व मंत्री और राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि विपक्ष के पास विरोध का कोई मुद्दा ही नहीं है। जनता भाजपा के साथ खड़ी है। 2022 में एक बार फिर से भाजपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों को हर घर और हर व्यक्ति तक पहुंचाने में लग जाना चाहिए।
भाजपा नेता गुरुवार को बखिरा के भंगेश्वर नाथ मंदिर परिसर में हुई बघौली मंडल के कार्यसमिति की बैठक को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए अपने बूथों को मजबूत करने के साथ ही पार्टी की नीतियों व सरकार के कार्यों पर विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं से खुला संवाद करने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा करके दिखाने वाली पार्टी है। सबका साथ-सबका विकास के नारे को चरितार्थ करके केंद्र व प्रदेश की सरकार ने दिखाया है। आवास योजना हो या शौचालय अथवा मुफ्त गैस, राशन आदि का हो। किसी से जाति अथवा संप्रदाय नहीं पूछा गया। भाजपा के जनकल्याणकारी नीतियों से विपक्ष का खेल खत्म हो चुका है। उन्होंने बूथ से लेकर मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने की सलाह दी। बैठक का आरंभ भारत माता के चित्र के सामने दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अब सीधे जनता को मिलने लगा है। जिलाध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव ने भाजपा कार्यकर्ताओं से बूथ कमेटी का सत्यापन किया। इस मौके पर दुर्गा राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय, बबलू सिंह, मनिराम यादव, राजेश गुप्ता, अर्जुन चौधरी, बालरूप कन्नौजिया, राजकिशोर पाठक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।