प्रदर्शनी में दिख रही विकास कार्यक्रमों की झलक
संतकबीर नगर: संतकबीर परिनिर्वाण स्थली पर चल रहे मगहर महोत्सव पूरे परवान पर है। विभिन्न विभागों व संस
संतकबीर नगर: संतकबीर परिनिर्वाण स्थली पर चल रहे मगहर महोत्सव पूरे परवान पर है। विभिन्न विभागों व संस्थाओं द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनियां दर्शकों के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। इन्हें देखने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। मेले में झूले, सर्कस व आकर्षक दुकानें भी महोत्सव की खूबसूरती में चारचांद लगा रही हैं।
मगहर महोत्सव में विभिन्न विभागों व संस्थाओं द्वारा जागरूकता के लिए प्रदर्शनियां लगाई गई है।
शिक्षा विभाग की सर्व शिक्षा अभियान, सभी पढ़े-सभी बढ़े, पढ़े भारत-बढ़े भारत की योजना से शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
हथकरघा वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार तथा हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग निदेशालय की प्रदर्शनी में रंगे-बिरंगे कपड़ों की डिजाइन व विविध परिधान दर्शकों को अपनी ओर खींच रहे हैं। इसमें वाराणसी, मुरादाबाद, आजमगढ़, मऊ, लखनऊ, फैजाबाद तथा गोरखपुर मंडल की हथकरघा समितियों ने हिस्सा लिया है। विविध प्रकार के कृषि यंत्रों, बीज, सब्जियों व फलों की खूबसूरत प्रदर्शनी लगा रखी है। कृषि विभाग द्वारा खेती की नवीनतम तकनीकों व उन्नतशील बीजों की प्रदर्शनी लगायी गयी है। इसके साथ ही यहां भूमि संरक्षण विभाग, समाज कल्याण, जिला उद्योग, पशु पालन, वन विभाग व चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग ने भी मेले में अपनी प्रदर्शनी लगा रखी है। इन प्रदर्शनियों पर पहुंचने के बाद लोगों की जिज्ञासा बढ़ती चली जा रही है। यहां अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है। सद्गुरू कबीर की जीवनी पर आधारित तमाम पत्र-पत्रिकाएं भी मेले में आने वालों का ध्यान सहज ही अपनी तरफ आकर्षित कर रही हैं।