बर्बाद आलू की फसल देखकर बिगड़ी महिला की हालत, हार्ट अटैक से गई जान Sambhl News
दो दिन तक हुई बारिश से जहां ठंड बढ़ गई है वहीं फसल बर्बाद होने से किसानों की मुश्किलों में भी इजाफा हो गया है।
सम्भल, जेएनएन। दो दिन तक हुई बारिश से जहां ठंड बढ़ गई है, वहीं फसल बर्बाद होने से किसानों की मुश्किलों में भी इजाफा हो गया है। गेहूं समेत कई फसल पानी में डूब जाने से किसान काफी परेशान चल रहे हैं। असमोली विकास खंड क्षेत्र के गांव सेवड़ा जसरथ नगला में बारिश के बाद बर्बाद हुई आलू की फसल को देखकर एक महिला किसान को हार्ट अटैक पड़ गया। परिजनों ने गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना कोई कार्रवाई शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
यह है पूरा मामला
क्षेत्र के गांव सेवड़ा जसरथ नगला निवासी रज्जो (45) पत्नी डोरी का गांव के निकट ही खेत है। दो दिन पहले जिले में हुई बारिश में रज्जो के खेत में खड़ी आलू की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। वह रविवार को खेत पर पहुंची तो फसल बर्बाद देख हैरानी में पड़ गई। कुछ देर खेत में पर रुकने के बाद रज्जो घर पर वापस आ गईं। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रज्जो की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने बताया कि वह खेत पर गईं थीं, जहां बर्बाद हुई फसल को देखकर वह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और खेत से आने के बाद ही उनकी मौत हो गई।
मुआवजे के लिए उठ रही मांग
मंडल में बारिश से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे के लिए किसान आवाज उठाने लगे हैं। किसानों का कहना है बारिश ने उनकी कमर तोड़ दी है, ऐसे में उनके पास अब कोई चारा नहीं बचा है। जल्द से जल्द मुआवजा मिल जाए तो उन्हें कुछ राहत जरूर मिल जाएगी।