विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राशन डीलरों को सीएम योगी का बड़ा तोहफा: अब कहलाएंगे 'अन्नपूर्णा संचालक', प्रति क्विंटल कमीशन बढ़कर ₹125 हुआ

Published: Mon, 17 Aug 2026 07:06 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राशन दुकानदारों को 'अन्नपूर्णा संचालक' का नया नाम दिया है। इसके साथ ही खाद्यान्न वितरण का ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज

प्रतीकात्मक इमेज

HighLights

  1. राशन दुकानदारों को मिलेगा अतिरिक्त लाभांश

संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। राशन दुकानदारों के लिए आयोजित अतिरिक्त लाभांश वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा नवाचार करते हुए उन्हें अब अन्नपूर्णा संचालक के रूप में संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राशन दुकानदारों की भूमिका को केवल राशन वितरण तक सीमित न रखते हुए अन्नपूर्णा संचालक के रूप में उनकी नई पहचान और जिम्मेदारी को प्रमुखता दी।

सीडीओ गोरखनाथ भट्ट ने राशन दुकानदारों को उनके अधिकारों और शासन की ओर से दी जा रही सुविधाओं के प्रति जागरूक करते हुए योजनाओं का सदुपयोग कर आय बढ़ाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. अनामिका यादव ने भी संबोधित किया।

जिला पूर्ति विभाग के अनुसार जनपद में ग्रामीण क्षेत्र में 838 और नगरीय क्षेत्र में 121 समेत कुल 959 राशन दुकानें संचालित हैं, जिनसे 3,90,413 राशन कार्डधारकों के 15,70,723 लाभार्थियों को खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। शासन ने राशन दुकानदारों को खाद्यान्न वितरण पर मिलने वाले लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है।

जनपद में 959 राशन दुकानदारों द्वारा 81,560 क्विंटल खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। पहले 90 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 73,40,400 रुपये लाभांश मिलता था, जो अब बढ़कर 1,01,95,000 रुपये हो जाएगा। इससे राशन दुकानदारों को कुल 28,54,600 रुपये अतिरिक्त लाभांश मिलेगा।

नई व्यवस्था में प्रति क्विंटल 35 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। राशन दुकानदारों की आय बढ़ाने और लाभार्थियों को अधिक सुविधाएं देने के लिए अन्नपूर्णा भवन भी विकसित किए जा रहे हैं। जनपद में 96 अन्नपूर्णा केंद्र वर्तमान में क्रियाशील हैं, जबकि वीबी-जी राम जी योजना के तहत 336 और खाद्य एवं रसद विभाग से 39 समेत कुल 375 अन्नपूर्णा भवन निर्माणाधीन हैं।

अन्नपूर्णा संचालकों की आय बढ़ाने के लिए उचित दर दुकानों पर जन सेवा केंद्र संचालित करने और सरफ, साबुन, झाड़ू, बाल्टी, चायपत्ती, माचिस, दुग्ध उत्पाद और स्वास्थ्य संबंधी कुछ दवाओं समेत 35 जन उपयोगी वस्तुओं की बिक्री की अनुमति भी दी गई है। कार्यक्रम में डीएसओ शिवि गर्ग, एआरओ कमलेश मौर्य समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- संभल में हरिहर मंदिर जा रहे करणी सेना कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, हिरासत में लेकर दूसरे मंदिर में कराया जलाभिषेक