CAA Protest : सम्भल बवाल में गई दो की जान, अज्ञात में मुकदमे दर्ज Sambhal News
दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौत की वजह जानने के लिए दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सम्भल। शुक्रवार को सम्भल में हुए बवाल के दौरान दो युवकों की मौत हुई थी। पुलिस ने स्वजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों शवों को पीएम के लिए भेज दिया। शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शवों को गांव में लाया गया।
यह है मामला
नगर में शनिवार को दोपहर बाद प्रदर्शन के दौरान बवाल हो गया था। नगर में कई स्थानों पर उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया था। इस पथराव के दौरान मोर्चा संभालते हुए आइजी रमित शर्मा, एसपी समेत करीब दर्जन भर पुलिसकर्मी व अधिकारी घायल हो गए थे। इतना ही नहीं इसी बवाल के दौरान नगर के मुहल्ला देहली दरवाजा निवासी शहरोज चोटिल हो गया था। स्वजन उसे पास के ही निजी चिकित्सालय में ले गये। जहां पर चिकित्सक ने हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस पर परिजन घायल अवस्था में उसे मुरादाबाद के एक अस्पताल में ले गए। जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी बवाल में मुहल्ला रायसत्ती निवासी बिलाल भी घायल हो गया था। जिस पर परिजन उसे पास के ही निजी चिकित्सालय में ले गए। जहां पर चिकित्सक ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को लेकर परिजन थाना नखासा पहुंचे। जहां पर परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
शनिवार को हुआ शव का पोस्टमार्टम
शनिवार को दोनों के शवों को कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षण के लिए भेजा गया, जिससे मौत के कारणों का पता लग सके। दोनों के शवों को कड़ी सुरक्षा के बीच एक-एक करके घर पर लाया गया। देर रात तक वहां हुजूम जमा रहा।