धान सेलर पर पहुंचा बकरा तो हुआ विवाद, मारपीट में छह घायल
असमोली (सम्भल) मढ़न चौकी क्षेत्र के गांव कमालपुर में सेलर (धान कुटाई की मशीन) पर बकरे के पहुंचने पर विवाद हो गया।
असमोली (सम्भल) : मढ़न चौकी क्षेत्र के गांव कमालपुर में सेलर (धान कुटाई की मशीन) पर बकरे के पहुंचने पर विवाद हो गया। उस समय पर कुछ लोगों ने बीच बचाव कर दिया लेकिन, थोड़ी देर बाद फिर झगड़ा हो गया। इसी बीच पथराव भी शुरू हो गया जिसमें छह लोग घायल हो गए। किसी नें पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर थाना पुलिस पहुंची। पुलिस को देखकर ग्रामीणों में भगदड़ मच गई।
कमालपुर काफुरपुर के सालिम का बकरा फईम के सेलर में चला गया। सेलर में घुसने पर डंडे से बकरे को मारकर बाहर निकाल दिया। जब यह बात बकरे के मालिक को पता लगी, तो वह सेलर पर आकर शिकायत करने लगा। विवाद बढ़ता चला गया और दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों तरफ से छत पर चढ़कर पथराव शुरू हो गया जिससे भगदड़ मच गई। कई ग्रामीणों ने घर के दरवाजे बंद कर जान बचाई। एक पक्ष से मुजम्मिल, मोहम्मद कैफ, गुफरान, कामिल व दूसरे पक्ष से मोजिम और अली अब्बास घायल हो गए। थाना प्रभारी रणवीर सिंह भी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही भीड़ तितर बितर हो गई। पुलिस नें घायलों को मेडिकल कराने अस्पताल भेजा। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।