चौकी से चंद कदमों की दूरी पर एक लाख की चोरी
थाना बनियाठेर क्षेत्र के कस्बा नरौली के साहूकारा मुहल्ले में गुरुवार रात चोरों ने पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर स्थित किराना के गोदाम का ताला तोड़ लिया। अंदर रखे गल्ले को तोड़कर एक लाख चुरा लिए।
जेएनएन, सम्भल: थाना बनियाठेर क्षेत्र के कस्बा नरौली के साहूकारा मुहल्ले में गुरुवार रात चोरों ने पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर स्थित किराना के गोदाम का ताला तोड़ लिया। अंदर रखे गल्ले को तोड़कर एक लाख चुरा लिए। गोदाम स्वामी ने रिपोर्ट के लिए चौकी में तहरीर दी है।
नरौली निवासी संजीव गुप्ता की मुहल्ला साहूकारा में किराने की दुकान है। गली की तरफ उसने गोदाम बना रखा है। बंदी के चलते गोदाम को ही दुकान बनाकर वहीं से सामान की बिक्री कर रहा है। हर दिन की तरह गुरुवार की रात 8 बजे गोदाम बंद कर चला गया। अगले दिन शुक्रवार सुबह 8 बजे वह गोदाम पर पहुंचा तो गेट पर लगी ग्रिल और गेट का ताला टूट हुआ था। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ला खुला था। उसके अंदर रखे एक लाख रुपये गायब थे। संजीव ने बताया कि कई दिनों की बिक्री के रुपये थे। लोगों का आरोप है कि पुलिस रात में गश्त की बजाय आराम फरमा रही है। इसका फायदा उठा कर चोर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 3 बजे मामले की जानकारी हुई है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।