त्योहारों पर व्यवस्था दुरुस्त रखने को पालिकाध्यक्ष ने कसे कर्मचारियों के पेंच
विभिन्न त्योहार के मद्देनजर नगरपालिका ने कर्मचारियों की बैठक ली।
जागरण संवाददाता चन्दौसी: विभिन्न त्योहार के मद्देनजर नगरपालिका ने कर्मचारियों की बैठक ली, जिसमें कर्मचारियों से त्योहारों पर साफ सफाई व पेयजल आपूर्ति दुरूस्त रखने पर जोर दिया।
बारह वफात, वाल्मीकि जयंती, दीपावली त्योहार के नजदीक आने से शहरवासी तैयारियों में जुट गए है। वहीं त्योहारों पर शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगरपालिका ने मंगलवार को नगर के स्टेशन रोड गांधी पार्क स्थित लाला लाजपत राय भवन में कर्मचारियों की बैठक आयोजित की। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष इन्दुरानी ने कहा कि बारह वफात, वाल्मीकि जयंती व दीपावली त्योहार नजदीक आ गए हैं। इसलिए प्रत्येक त्योहार पर नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। इसके लिए सफाई नायक अपने- अपने क्षेत्रों में कर्मचारियों से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराएं। अगर सफाई व्यवस्था में कोई भी लापरवाही मिली तो उस कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं त्योहार वाले दिन सुबह से ही पेयजल आपूर्ति सुचारु रखी जाए। प्रकाश व्यवस्था व सड़को के गड्ढों को त्योहारों से पहले ही दुरुस्त कर दें। इस दौरान ईओ राजकुमार, जेई केके अग्रवाल, ऋषभ कुमार, प्रियंका सिंह, ज्योति प्रकाश गोयल, हिना गोयल, अक्षिता रानी, नरेश कुमार आदि मौजूद रहे।