विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीनी के दाम में उछाल के बाद एक्शन मोड में प्रशासन; नायब तहसीलदार और विपणन टीम ने किया स्टॉक का भौतिक सत्यापन

Published: Sat, 22 Aug 2026 10:24 PM (IST)

चीनी के दाम में अचानक हुई बढ़ोतरी के बाद प्रशासन ने जमाखोरी रोकने के लिए बबराला, रजपुरा और चंदौसी में ...और पढ़ें

रजपुरा में चीनी गोदाम पर जांच करते अधिकारी। जागरण

रजपुरा में चीनी गोदाम पर जांच करते अधिकारी। जागरण

HighLights

  1. चंदौसी में थोक व्रिकेताओं के पास पहुंचे एसएमआइ विभाग के अधिकारी

संवाद सूत्र, रजपुरा/चंदौसी (संभल)। चीनी के दाम में अचानक हुई बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने इसकी उपलब्धता, स्टाक और बिक्री मूल्य की निगरानी तेज कर दी है। जमाखोरी और कमी पर अंकुश लगाने के लिए गुन्नौर तहसील की प्रशासनिक टीम ने बबराला और रजपुरा में थोक एवं फुटकर विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों और गोदामों का निरीक्षण किया।

नायब तहसीलदार अनुज कुमार और क्षेत्रीय विपणन अधिकारी हरिशचंद्र दुबे के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने तीन स्थानों पर पहुंचकर चीनी के स्टाक का भौतिक सत्यापन किया। अधिकारियों ने गोदामों में रखी चीनी की वास्तविक मात्रा की जांच करने के साथ ही स्टाक से संबंधित अभिलेख, रजिस्टर और बिक्री व्यवस्था का भी जायजा लिया।

टीम ने यह भी जांचा कि विक्रेता निर्धारित सीमा के अनुरूप ही चीनी का भंडारण कर रहे हैं या नहीं। अधिकारियों ने व्यापारियों को स्टाक और बिक्री का पूरा हिसाब रखने तथा अभिलेख नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। साथ ही बाजार में चीनी की आपूर्ति प्रभावित न होने देने की हिदायत दी।

निर्धारित सीमा से अधिक स्टाक रखने, जमाखोरी करने या कृत्रिम कमी पैदा कर कीमत बढ़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।नायब तहसीलदार अनुज कुमार ने बताया कि रजपुरा और बबराला में तीन स्थानों पर जांच की गई। सभी विक्रेताओं को चीनी के आदान-प्रदान का पूरा हिसाब रखने के निर्देश दिए गए। जांच में सभी जगह स्टाक सही मिला।

उधर, चंदौसी में शनिवार को फड़याई बाजार में चीनी के थोक विक्रेताओं और एसएमआइ विभाग के एमओ राजेश कुमार और एमआइ शांति मोहन दीक्षित के बीच बैठक हुई। जिसमें व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कोई भी व्यापारी शासनादेश के विपरीत चार हजार क्विंटल से अधिक स्टाक चीनी का नहीं रख सकता।

अगर नियम के विपरीत भंडारण मिला तो कार्रवाई होगी। साथ ही कहा गया कि शुक्रवार से शुक्रवार तक के स्टाक और बिक्री के बारे में पूरे जानकारी पाेर्टल पर देनी होगी। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने व्यापारियों के गोदाम में स्टाक आदि भी चेक किया। इस दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, सुरेश वार्ष्‍णेय, राहुल अग्रवाल आदि कराई।

यह भी पढ़ें- संभल में भावुक हुए SP केके बिश्नोई: विदाई समारोह में छलके आंसू, DM ने पानी पिलाकर संभाला; सजी गाड़ी को धक्का देकर दी विदाई