तिरपाल के नीचे चल रहा था शिक्षा का 'गोरखधंधा': BSA ने मारा छापा तो उलझ पड़ा संचालक, बुलानी पड़ी पुलिस!
संभल के आनंदपुर गांव में बीएसए अलका शर्मा ने दो अवैध स्कूलों का भंडाफोड़ किया, जिनमें 100 से अधिक बच्चे ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
संभल में दोनों भवनों में 100 से अधिक बच्चे मिले, संभल के आनंदपुर का मामला
दूसरे विद्यालयों में पंजीकृत थे बच्चे, दोनों स्कूल कराये गए बंद, प्राथमिकी की तैयारी
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। संभल के आनंदपुर गांव में शिक्षा के नाम पर शिक्षा माफियाओं की खुलेआम मनमानी सामने आई है। एक स्कूल मंदिर के पास तिरपाल के नीचे तो दूसरा धर्मशाला में चल रहा था। दोनों के पास न मान्यता थी और न ही पंजीकरण। बीएसए अलका शर्मा के निरीक्षण में दोनों विद्यालयों में 100 से अधिक बच्चे पढ़ते मिले।
कार्रवाई की बात पर एक व्यक्ति ने बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारी से अभद्रता कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों को बुलाना पड़ा। दोनों स्कूलों को तत्काल बंद करा दिया गया है।
बुधवार को बीएसए ने एबीएसए एमएल पटेल के साथ पहले मंदिर के पास तिरपाल के नीचे पढ़ रहे बच्चों के पास पहुंचीं। यहां पूछताछ के बाद धर्मशाला भवन में चल रहे मोहन देवी सरस्वती बाल विद्या मंदिर पहुंचीं।
यहां कक्षा एक से पांच तक के साथ कक्षा नौ से 12 तक के बच्चे भी पढ़ते मिले। संचालक पवनवीर ने बताया कि स्कूल की मान्यता वर्ष 2008 से 2018 तक थी। किरायानामा नहीं होने के कारण उसका नवीनीकरण नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि कक्षा पांच तक बच्चों को परिषदीय विद्यालय की तर्ज पर पढ़ाया जाता है, जबकि ऊपर की कक्षाओं के बच्चों को कोचिंग दी जाती है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्कूल का पंजीकरण वर्ष 2018 में समाप्त हो गया था और इसका यू-डायस कोड भी नहीं है।
बच्चों का पंजीकरण दूसरे स्कूलों में होने की बात सामने आई। जिनमें सिटी मोंटेसरी स्कूल बहजोई ग्रीन पार्क स्कूल और नवरंगीलाल कालेज लहरा शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति ने बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारी से अभद्रता की।
निरीक्षक बलराम सिंह पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और संबंधित व्यक्ति की तलाश की। बीएसए ने बताया कि दोनों स्कूलों को बंद करा दिया गया है। बच्चों दूसरे स्कूल में पहले से पंजीकृत होने से उन्हें शिफ्ट करने की जरूरत नहीं है। अभद्रता करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
