विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल के ग्रामीण क्षेत्रों में होगा सड़क और नाले का निर्माण, स्वीकृति मिलते ही बजट जारी

Published: Sun, 18 Oct 2026 03:17 PM (IST)Updated: Sun, 18 Oct 2026 03:20 PM (IST)

संभल के चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से कई गांवों में सड़कों और एक आरसीसी नाले का निर्माण किया जाएगा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. चंदौसी विधानसभा में 23 करोड़ के विकास कार्य।

  2. कई गांवों में नई सड़कों का निर्माण होगा।

  3. बदायूं चुंगी से चंदौसी ग्रीन्स तक नाला।

जागरण संवाददाता, चंदौसी। चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में कई गांवों में सड़कें बनाई जाएंगी। इसमें मानकपुर नरौली, नसीसरपुर, अचलपुर, मऊ कठेर समेत कई गांव शामिल हैं। करीब पांच करोड़ रुपये इन कार्यों पर खर्च होंगे। इनमे कुछ राशि अवमुक्त भी हो चुकी है। इसके अलावा बदायूं चुंगी से चंदौसी ग्रीन्स तक आरसीसी नाले का निर्माण भी होगा।

विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के लोगों की मांग पर राज्यमंत्री और क्षेत्रीय विधायक गुलाब देवी ने कई निर्माण कार्यों के प्रस्ताव भेजे थे, जिसके बाद कई कामों की स्वीकृति मिलने के बाद उन्हें शुरू करा दिया गया है। इसमें गांव मानकपुर नरोली से नसीरपुर नरौली की सड़क का निर्माण 135.77 लाख से होगा, जिसके लिए 65 लाख रुपये अवमुक्त हो चुका है।

अचलपुर मेन हाइवे से गांव नगलिया कठेर में 57.18 लाख से सड़क बनवाई जाएगी, जिसके लिए 27 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। गांव मऊ कठेर से बहजोई हाइवे तक और मोहम्मदनगर कस्बा से खुशहालपुर देवी मंदिर होते हुए कंथरी तक भी सड़क बनाई जाएगी।

इसके अलावा बदायूं चुंगी से चंदौसी ग्रीन्स तक नाला निर्माण का काम 18.56 करोड़ की लागत से होगा। इसके लिए प्रथम किस्त के रूप में दो करोड़ रुपये मिल भी चुके हैं।

ये सड़कें भी बनेंगी

गांव की सड़कों के अलावा चंदौसी के तहसील चौराहे से असालतपुर होते हुए बेहटा चौराहे तक, रहोली से खटैटा तिराहे तक चौड़ीकरण व सीसी सड़क का निर्माण, रामबाग रोड से कैथल गांव में चौड़ीकरण व सीसी निर्माण कार्य, कैथल टिकाई वाली बगिया से नवाबगंज गांव से होते हुए ग्राम एतोल तक का निर्माण भी कराया जाएगा।

हमारे गांव की सड़क काफी समय से खराब पड़ी थी। अब इसका निर्माण शुरू हो गया है। इससे काफी राहत मिलेगी। -प्रेमचंद, मानकपुर नरौली।

सड़क खराब होने से बच्चों और महिलाओं को काफी परेशानी होती थी। अब इससे राहत मिलने की उम्मीद है। -बनवारी लाल, मानकपुर नरौली।

जनता की सुविधा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कई सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। कुछ जगहों पर काम शुरू भी हो गया है। इसके अलावा भी विधानसभा क्षेत्र में जनहित के कई काम कराए जा रहे हैं। -गुलाब देवी, राज्यमंत्री।