बिजली विभाग की अपील: शाम 6 से रात 11 बजे तक न चलाएं वाशिंग मशीन और वॉटर पंप, AC का तापमान 24°C रखें
संभल बिजली विभाग ने शाम 6 से रात 11 बजे तक भारी उपकरण न चलाने की अपील की है। गर्मी ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
गर्मी में ओवरलोडिंग के कारण उत्पन्न हो रही कटौती की समस्या
जागरण संवाददाता, संभल। गर्मी के मौसम में हो रही अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं, तो वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग आपूर्ति बनाए रखने के प्रयास कर रहा है। इसी को लेकर विभाग की ओर से पीक आवर्स यानि शाम को छह बजे से रात को ग्यारह बजे तक बिजली के भारी घरेलू उपकरणों का उपयोग न करने की अपील की है।
अचानक बढ़ी मांग को लेकर बिजली विभाग परेशान है। क्योंकि मांग बढ़ने की वजह से अघोषित कटौती और ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है, जिस कारण बिजली आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। दिन हो या रात, बिजली कटौती के कारण सभी परेशान हैं।
इसी को लेकर बिजली विभाग की ओर से पीक आवर्स यानि शाम को छह बजे से रात को 11 बजे तक बिजली के भारी उपकरण जैसे वाटर पंप, वाशिंग मशीन, माइक्रोबेव, एसी जैसे भारी उपकरणों का उपयोग न करने की अपील की है।
इन उपकरणों के उपयोग से ओवर लोडिंग की समस्या बन सकती है, जो कि आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न करती है। विभाग की ओर से बताया गया कि इस समय गर्मी के कारण बिजली की मांग अपने रिकार्ड स्तर पर है।
ऐसे में विभाग की ओर से उपभोक्ताओं के मोबाइल पर मैसेज भेजकर उपभोक्ताओं से एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाते हुए घरों में बेवजह चल रहे बिजली उपकरणों को बंद करने, घरों व दुकानों में लगे एसी काे जरूरत के हिसाब से चलाते हुए उसका तापमान 24 डिग्री से 26 डिग्री के बीच सेट करने की अपील की है। विभाग की ओर से बताया गया कि इससे बिजली की खपत कम होने के साथ ही ट्रांसफार्मर भी सुरक्षित रहेंगे।
जिले में 55 उपकेंद्र से जुड़े हैं साढ़े तीन लाख उपभोक्ता
बिजली विभाग की ओर से जिले को तीन डिवीजन चंदौसी, संभल व बबराला में बांटा गया है। यहां इन तीनों डिवीजन क्षेत्र में करीब 55 बिजली उपकेंद्र स्थित हैं और इनसे विभिन्न श्रेणी के लगभग साढ़े तीन लाख उपभोक्ता शामिल है। ऐसे में सभी से बिजली बचत में सहयोग मांगा गया है।
बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए सभी उपभोक्ताओं का सहयोग मांगा जा रहा है, जिससे उपकरण सुरक्षित रहें और आपूर्ति भी बनी रहे। इस जागरुकता के लिए उपभोक्ताओं के पंजीकृत नंबर पर मैसेज भी भेजे जा रहे हैं।
- रघुनाथ तित्तल, अधिशासी अभियंता।
यह भी पढ़ें- पैमाइश तो हुई पर नहीं चला बुलडोजर! ईद के बाद संभल के इस 40 बीघा तालाब पर होगा बड़ा धमाका
