विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल में बिजली विभाग के जेई की संदिग्ध मौत, सीढ़ियों पर पड़ा मिला शव; पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

Published: Sun, 23 Aug 2026 10:15 PM (IST)

संभल के सिरसी में 220 केवी बिजली उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता रामविरेश यादव का शव किराये के कमरे की ...और पढ़ें

सिरसी में इसी मकान में रहते थे जेई राम वीरेश यादव। जागरण

सिरसी में इसी मकान में रहते थे जेई राम वीरेश यादव। जागरण

HighLights

  1. एक माह पहले ही चंदौसी के पुरा बिजली उपकेंद्र से सिरसी 220 केवी बिजलीघर पर हुआ था तबादला

संवाद सहयोगी, संभल। सिरसी स्थित 220 केवी बिजली उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता रामविरेश यादव का शव रविवार की सुबह किराये के कमरे के पास सीढ़ियों पर पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अवर अभियंता रामविरेश यादव मूलरूप से मैनपुरी के गांव रुस्तम के रहने वाले थे। वह करीब पांच वर्षों से जनपद में बिजली विभाग के ट्रांसमिशन में तैनात थे। एक माह पहले ही वह ट्रांसमिशन से डिस्ट्रीब्यूशन में आए और फिर तबादला चंदौसी के पुरा बिजली उपकेंद्र से कस्बा सिरसी स्थित 220 केवी बिजली उपकेंद्र पर हुआ था।

बताते हैं कि वह शराब पीने के आदी थे। सिरसी के मुहल्ला सादक सराय में वह करीब 15 दिन से किराये के मकान में रह रहे थे। उनकी पत्नी उर्मिला ने बताया कि शनिवार की शाम करीब सात बजे तक फोन पर उनसे बातचीत हुई थी। उस समय बातचीत के दौरान सब कुछ सामान्य था।

उन्होंने बताया कि रामविरेश 13 अगस्त को घर आए थे और 15 अगस्त को वापस सिरसी लौट गए थे। इसके बाद वह ड्यूटी के बाद अपने किराये के कमरे में ही रह रहे थे। रविवार की सुबह करीब आठ बजे मकान मालिक असलम जब उनके कमरे की ओर से गए तो रामविरेश का शव सीढ़ियों पर पड़ा देखा।

इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजते हुए स्वजन को घटना की जानकारी दी।

रामविरेश यादव के परिवार में पत्नी उर्मिला के अलावा तीन बेटियां और दो बेटे हैं। जिला अस्पताल पहुंचने पर उनके स्वजन में चित्कार मच गई। बेटे रवि ने बताया कि वह शराब पीने के आदी थे। जेई की अचानक हुई मौत से स्वजन में मातम छा गया।

थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि फारेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने भी मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी ली। जांच में मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

जेई रामविरेश यादव की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल स्वजन शराब पीने की आदत के चलते मौत होने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। शव को दोपहर तीन बजे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। क्योंकि स्वजन मैनपुरी से आए थे।

यह भी पढ़ें- संभल में भावुक हुए SP केके बिश्नोई: विदाई समारोह में छलके आंसू, DM ने पानी पिलाकर संभाला; सजी गाड़ी को धक्का देकर दी विदाई