संभल में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो ने बुलेट को मारी टक्कर, मौलवी समेत दो की मौत
आगरा-मुरादाबाद हाइवे पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बुलेट सवार मौलवी और एक किशोर की मौत हो गई। दोनों ...और पढ़ें

HighLights
आगरा-मुरादाबाद हाइवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ।
तेज रफ्तार बोलेरो ने बुलेट बाइक को टक्कर मारी।
मौलवी आफताब और 14 वर्षीय उवैस की मौत हुई।
जागरण संवाददाता, संभल। आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाइवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में बुलेट सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना मझावली शुगर मिल के पास अफजलपुर डरौली गांव के नजदीक उस समय हुई जब एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रही बुलेट बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान असमोली के गांव शहबाजपुर के आफताब और बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया निवासी 14 वर्षीय उवैस के रूप में हुई है। आफताब गांव पिपरिया के मदरसे में मौलवी थे और उवैस उन्हीं के पास तालीम लेने आता था। दोनों लोग बहजोई क्षेत्र के गांव मझौला में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आ रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों लोग बुलेट पर सवार होकर चंदौसी की ओर जा रहे थे। उसी समय बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेज धमाके की आवाज के साथ बाइक और कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया।
मौके पर पहुंची बनियाठेर पुलिस ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई भिजवाया। यहां चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी बोबिंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बोलेरो और बुलेट बाइक को हाईवे से हटवाकर अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल घटना में तहरीर नहीं मिली है।
पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आया व्यक्ति, मौत
बहजोई: गांव ढकारी में अलीगढ़-बरेली रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। बहजोई के गांव ढाडोल निवासी मदन कुमार गांव ढकारी में अपना मकान बनाकर रह रहे थे। उनका मकान रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित है।
सोमवार सुबह वह अपने घर से रेलवे लाइन के किनारे-किनारे आगे जा रहे थे। इसी दौरान अलीगढ़ से मुरादाबाद की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल ले जा रहे थे उनकी मृत्यु हो गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मलिक ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से मदन कुमार की मृत्यु हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
