संभल: तालाब में डूबे मजदूर का 16 घंटे बाद मिला शव, PAC के गोताखोरों ने दलदल से निकाला
संभल के चिमियावली गांव में तालाब में नहाते समय डूबे मजदूर रामजीमल का शव 16 घंटे की मशक्कत के बाद ...और पढ़ें

तालाब में खोजबीन करते पीएसी के गोताखोर
संवाद सहयोगी, संभल। गांव चिमियावली में मंगलवार की शाम तालाब में नहाते समय गहरे पानी में डूबे मजदूर रामजीमल का शव करीब 16 घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार की सुबह बरामद हो गया। बबराला पीएसी से पहुंची गोताखोरों की दो टीमों ने करीब दो घंटे की तलाश के बाद तालाब के दलदली हिस्से में फंसा शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मालूम हो कि मंगलवार की शाम पांच बजे के करीब काेतवाली क्षेत्र के गांव चिमियावली निवासी रामजीमल गांव के तालाब में नहाने गए थे। तालाब में पानी अधिक और गहराई ज्यादा होने के कारण वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
काफी देर तक घर नहीं लौटे तो स्वजन ने तलाश शुरू की। ग्रामीणों से तालाब में डूबने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे। ग्रामीणों ने अपने स्तर से काफी देर तक तालाब में उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
तालाब की गहराई और दलदली स्थिति को देखते हुए बबराला पीएसी के गोताखोरों को बुलाया गया था। इसके बाद मंगलवार की रात से ही तालाब में सर्च अभियान चलाया गया, जो पूरी रात जारी रहा।
बुधवार की सुबह करीब नौ बजे बबराला पीएसी की टीमों ने शामिल 22 और दूसरी टीम में सात गोताखोरों ने तालाब में अलग-अलग स्थानों पर तलाश शुरू की। करीब 16 घंटे बाद रामजीमल का शव तालाब के दलदल में फंसा मिला।
गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। शव मिलते ही तालाब किनारे मौजूद स्वजन में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
कोतवाली माेहित कुमार ने बताया कि पूरी रात सर्च अभियान चला था। ग्रामीणों की मदद से पीएसी के गोताखोरों ने शव बाहर निकाल लिया, जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- अलीगढ़-मुरादाबाद हाईस्पीड कॉरिडोर: संभल के 36 गांवों में जमीन अधिग्रहण की तैयारी तेज, प्रशासन ने मांगी खतौनी
