सम्भल के नाम से बदमाश बनवा रहे हैं फर्जी आइडी
सम्भल: भले ही सम्भल संवेदनशील शहर होने के चलते शासन प्रशासन रडार पर रहता हो, लेकिन अन्य जिलों के बदम
सम्भल: भले ही सम्भल संवेदनशील शहर होने के चलते शासन प्रशासन रडार पर रहता हो, लेकिन अन्य जिलों के बदमाश भी सम्भल की आइडी बनवाकर पुलिस को झांसा देने का काम कर रहे हैं। सम्भल के नाम आइडी बनवाकर बदमाश दूसरे जिलों में रहकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। तीन दिन पहले और मंगलवार की रात अलीगढ़ में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मारे गए दोनों बदमाशों के पास सम्भल के चिमयावली गांव की आइडी मिली है। जबकि दोनों बदमाश यहां के रहने वाले नहीं है। पुलिस ने भी दोनों बदमाशों का पता निकाला, लेकिन इनका कुछ पता नहीं चला। क्या सम्भल तहसील में फर्जी आइडी बनाकर बदमाशों को दी जा रही है। अगर इस मामले की जांच हो तो शायद बदमाश सम्भल का नाम बदनाम न कर सके।
सम्भल शहर हर तरह के फर्जी काम होने के लिए जाना जाता है। यहां पर चोरी की लग्जरी गाड़ियों के कागज बनाए जाते हैं। वहीं फर्जी आइडी बनाने का खेल भी यहां जोरों पर चल रहा है। नगर पालिका चुनाव के दौरान सामने आई फर्जी आइडी का मामला हो या फिर अलीगढ़ में मारे गए बदमाशों के पास मिली फर्जी आइडी का मामला हो। तीन दिन पहले अलीगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया था। जिसकी जेब से सम्भल के चिमयावली गांव की आइड़ी निकली थी। आइडी मिलने के बाद सम्भल पुलिस ने जब उसका पता निकाला तो पता चला कि वह घुमंतू परिवार से था और मात्र बीस दिन चिमयावली में रुका था। इसके बाद फिर मंगलवार को अलीगढ़ में भीका नाम का बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। जिसकर डकैती के दौरान चार लोगों की हत्या करने आरोप था। इसकी जेब से भी पुलिस को जो आइडी मिली है। वह सम्भल के चिमयावली की है। अलीगढ़ पुलिस ने जब सम्भल पुलिस को इस मामले की जानकारी दी तो पुलिस जांच करने के लिए चिमयावली पहुंच गई। चिमयावली गांव में इस नाम का कोई व्यक्ति पुलिस को नहीं मिला। जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह आइडी भी फर्जी तरीके से बनाई गई। क्या सम्भल तहसील में फर्जी आइडी बनाने का खेल चल रहा है। या फिर किसी अन्य स्थान पर फर्जी आइडी तैयार की जा रही है। अगर पुलिस सही से इस मामले की जांच करे तो शायद फर्जी आइडी बनाने वाले लोग सामने आ सकते है।
कोट-
जानकारी होने के बाद गांव में पुलिस भेजी गई थी। चिमयावली गांव में भीका नाम का कोई भी व्यक्ति नहीं रहता है। यह आइडी फर्जी है। इस मामले की जानकारी अलीगढ़ पुलिस को दे दी गई है।
पंकज कुमार पांडेय, एएसपी सम्भल