विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल हादसा: एक धमाका और हाईवे पर बिखरी गई जिंदगियां, मासूम सड़क पर तो कहीं सीट में फंसा था चालक

Published: Mon, 07 Sep 2026 12:45 PM (IST)

संभल में बमनेटा के पास हाईवे पर दो वाहनों की भीषण टक्कर में ऑटो चालक सौदान सिंह की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।

संवाद सहयोगी, संभल। आसमान में काली घटाओं के बादल, सुहानी हवा और तेज आवाज के साथ दो वाहनों की भिड़ंत हुई और अगले ही पल बमनेटा के पास हाईवे का मंजर बदल गया। सड़क पर ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ा था और उसके आसपास घायल यात्री इधर-उधर पड़े थे। किसी के शरीर से खून बह रहा था तो कोई दर्द से कराहते हुए मदद के लिए आवाज लगा रहा था।

ऑटो में सवार मासूम बच्चे टक्कर के बाद मां की गोद से छिटककर सड़क पर जा गिरे थे। उनके सिर में चोट लगी थी। पुनीत की पत्नी रोहिनी भी ऑटो से छिटककर सड़क पर जा गिरी थीं। आटो चालक सौदान सिंह सीट और स्टेयरिंग (हैंडिल) के बीच इस तरह फंस गए थे कि उन्हें निकालना भी मुश्किल हो रहा था।

राहगीर अपने वाहन छोड़कर घटनास्थल की ओर दौड़े

उनके आसपास चीख-पुकार मची थी, लेकिन वह खुद बुरी तरह फंसे हुए थे। आटो चालक के बराबर में बैठे रामपाल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगी थी और वह भी सड़क पर पड़े थे। कुछ ही पलों में हाईवे पर दोनों ओर से आ रहे वाहन रुक गए। राहगीर अपने वाहन छोड़कर घटनास्थल की ओर दौड़े।

किसी ने सड़क पर पड़े घायल को उठाया तो कोई आटो में फंसे चालक को बाहर निकालने की कोशिश करता दिखाई दिया। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि कुछ देर के लिए वहां सन्नाटा छाने के बाद अफरातफरी मचने लगी। पीआरवी-112 ,10 मिनट में मौके पर पहुंच गई।

हादसे की भयावहता बता रहे थे दोनों वाहन

पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने मिलकर घायलों को संभाला। तत्काल तीन लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इसके बाद निजी वाहनों से दो घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया और एंबुलेंस आने पर अन्य घायलों को भी अस्पताल भेजा गया।

इसी दौरान ऑटो में सीट और स्टेयरिंग के बीच फंसे सौदान सिंह ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों और मृतकों को हटवाया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ऑटो को सड़क से हटवाया।

इस बीच सड़क किनारे पलटा बजरी लदा डंपर और क्षतिग्रस्त ऑटो हादसे की भयावहता बता रहे थे। थाना प्रभारी बहजोई राजीव मलिक और सीओ बहजोई भी करीब 15 मिनट के अंतराल में मौके पर पहुंच गए।

यह भी पढ़ें- दिव्यांग को बचाने में डंपर से टकराया ऑटो: भाई-बहन सहित छह की मौत; संभल में हुआ भीषण हादसा