कक्षा में पढ़ाई कर रहे छात्र के सिर पर गिरा चलता पंखा, संभल में प्रधानाध्यापिका निलंबित
गुन्नौर के कंपोजिट विद्यालय में कक्षा आठ के छात्र के सिर पर पंखा गिरने से वह घायल हो गया। इस ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
संवाद सहयोगी, गुन्नौर (संभल)। कंपोजिट विद्यालय गुन्नौर में कक्षा आठ के छात्र जीशान के सिर पर पंखा गिर गया। जिससे वह घायल हो गया। इस घटना में लापरवाही सामने आने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने इंचार्ज प्रधानाध्यापिका विमलेश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
उन्हें निलंबन अवधि में प्राथमिक विद्यालय सादातबाड़ी, विकास खंड बहजोई से संबद्ध किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी गुन्नौर की प्रारंभिक जांच में विद्यालय भवन और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा में अपेक्षित सावधानी नहीं बरते जाने की बात सामने आई।
जांच में पाया गया कि विद्यालय को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में कंपोजिट ग्रांट मिलने के बावजूद आवश्यक मरम्मत समय से नहीं कराई गई। जर्जर पंखे को सुरक्षित कराने अथवा हटाने के लिए भी प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इसके चलते छात्र के सिर पर पंखा गिरने की घटना हुई।
बीएसए ने इसे छात्र सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है। उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए खंड शिक्षा अधिकारी रजपुरा विनोद कुमार मेहरा को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें 15 दिन में आरोप-पत्र जारी कर कार्रवाई पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
