संभल में 21 लाख के नोटों से सजेंगे सांवलिया सेठ, बाबा नीम करौली से खाटू श्याम तक की झांकियां रहेंगी मुख्य आकर्षण
बहजोई में श्रीराम वरयात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें पुराना और नया बाजार की कमेटियां भव्य झांकियां प्रस्तुत करेंगी। ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बहजोई में श्रीराम वरयात्रा की तैयारियां तेज।
21 लाख के नोटों से सांवलिया सेठ की झांकी।
महाकाली अखाड़ा, खाटू श्याम शोभायात्रा प्रमुख आकर्षण।
संवाद सहयोगी, बहजोई। नगर में दो दिन अलग-अलग निकलने वाली श्रीराम वरयात्रा को लेकर पुराना बाजार और नया बाजार की श्रीरामलीला कमेटियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों कमेटियों की ओर से वरयात्रा को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष झांकियां तैयार कराई जा रही हैं।
पुराना बाजार रामलीला कमेटी के तत्वावधान में 14 अक्टूबर को निकलने वाली श्रीराम वरयात्रा में 21 लाख रुपये के नोटों से तैयार सांवलिया सेठ की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा बाबा नीम करौली की झांकी भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित करेगी।
कमेटी पदाधिकारियों ने वरयात्रा को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं, नया बाजार श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में 13 अक्टूबर को निकलने वाली श्रीराम वरयात्रा में माता महाकाली का अखाड़ा, भोलेनाथ का विराट स्वरूप और खाटू श्याम की शोभायात्रा मुख्य आकर्षण रहेंगी।
श्रीराम वरयात्रा हमारी धार्मिक आस्था और परंपरा का प्रतीक है। इस बार यात्रा को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। 21 लाख रुपये के नोटों से तैयार सांवलिया सेठ की झांकी और बाबा नीम करौली की झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी। हमारा प्रयास है कि वरयात्रा को भव्यता के साथ संपन्न कराया जाए और श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट करने का अवसर मिले। -कपिल कुमार वार्ष्णेय, अध्यक्ष पुराना बाजार रामलीला कमेटी बहजोई।
श्रीराम वरयात्रा को लेकर कमेटी की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। वरयात्रा में माता महाकाली का अखाड़ा, भोलेनाथ का विराट स्वरूप और खाटू श्याम की शोभायात्रा प्रमुख आकर्षण रहेंगी। हमारा उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हुए नगरवासियों को भव्य धार्मिक आयोजन का अनुभव कराना है। वरयात्रा को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए कमेटी के सभी सदस्य जुटे हुए हैं। -अमित कुमार सर्राफ, अध्यक्ष नया बाजार रामलीला कमेटी बहजोई।
