संभल में दर्दनाक हादसा: 5 फीट गहरे खुले नाले में गिरी 2 साल की अलमाजिया, 16 घंटे बाद बुलडोजर से निकला शव
संभल के चौधरी सराय में दो साल की बच्ची अलमाजिया खुले नाले में गिर गई। 16 घंटे की तलाश के ...और पढ़ें

चौधरी सराय में बच्ची का शव मिलने के बाद नाले को देखती पुलिस व अन्य।
HighLights
पुलिस के साथ सफाईकर्मियों ने बुलडोजर की मदद से निकाला शव, शहर के चौधरी सराय की नई आबादी का मामला
संवाद सहयोगी, संभल। शहर के चौधरी सराय में घर से बाहर खेलने के लिए निकली दो साल की बच्ची अलमाजिया पांच फीट गहरे नाले में गिर गई। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चला।
फिर नाले में गिरने की जानकारी पर पुलिस और पालिका की टीम ने लगभग तीन घंटे खोजबीन की। करीब 16 घंटे बाद बुलडोजर की मदद से बच्ची का शव पुलिया के नीचे नाले में मिला। यह नाला खुला हुआ था।
घटना मुहल्ला चौधरी सराय में तकिये वाली मस्जिद के पास नई आबादी की है। नई कालोनी की वजह से यहां पर अभी आठ से 10 मकान ही बने हैं। यहां के निवासी शहजाद मजदूरी करके स्वजन का पालन-पोषण करते हैं।

बुधवार की सुबह आठ बजे वह काम के लिए निकले थे। दोपहर करीब ढाई बजे घर पहुंचे तो पत्नी गुलशिफा ने बताया कि उनकी दो साल की बेटी अलमाजिया बाहर खेलने गई है।
शाम चार बजे तक बच्ची वापस नहीं आई तो उन्हें चिंता हुआ और वह उसे ढूंढ़ने लगे। मुहल्ले की गलियों और आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
रात 11 बजे तक बच्ची का पता नहीं चलने पर स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। रात 12 बजे के करीब जानकारी मिलने पर सीओ कुलदीप कुमार और प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
लोगों से पूछताछ में पता चला कि बच्ची घर से करीब 10 कदम दूर नाले के पास खेल रही थी। इसके बाद नाले में खोजबीन शुरू कराई गई और नगर पालिका की टीम को बुलाया गया।
नाले में कूड़ा भी जमा था। बुलडोजर से तलाशी के दौरान रात ढ़ाई बजे बच्ची पुलिया के नीचे फंसी मिली। पंपसेट से पानी भी निकाला गया। सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया नाले में गिरने के बाद पानी में दम घुटने से उसकी मौत होने की आशंका है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मां गुलशिफा का रो-रोकर बुरा हाल है। शहजाद के सात बच्चों में तीन बेटी और चार बेटे हैं। अलमाजिया सातवें नंबर की थी।
यह भी पढ़ें- अलीगढ़-मुरादाबाद ग्रीनफील्ड हाईवे: संभल के 53 गांवों का मांगा गया रिकॉर्ड, तेजी से शुरू होगा जमीन अधिग्रहण
