हस्तियों को दे दी बस्तियों की सड़क, PWD के कारनामे से संभल के रसूखदार हुए 'मालामाल'
चंदौसी में पीडब्ल्यूडी ने बस्तियों के लिए प्रस्तावित सड़क को रसूखदारों के खेतों से गुजार दिया, जिससे उनकी जमीनों के दाम ढाई गुना बढ़ गए।

HighLights
पीडब्ल्यूडी ने बस्तियों की सड़क रसूखदारों के खेतों से निकाली।
चंदौसी में प्रभावशाली लोगों की जमीन के दाम ढाई गुना बढ़े।
अधिकारियों ने सड़क निर्माण में हुए फेरबदल पर चुप्पी साधी।
सौरभ सक्सेना, चंदौसी। जिस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव बस्तियों में रहने वाले आम आदमी की सुविधा के लिए किया गया था, पीडब्ल्यूडी ने उसे जनता से छीनकर बड़ी हस्तियों के खेतों से होकर गुजार दिया। इससे उन रसूखदारों की जमीनों के दाम आसमान पर पहुंच गए। जब इस फेरबदल और भ्रष्टाचार पर अधिकारियों से पूछा गया तो कोई बगलें झांकने लगा तो किसी के मुंह पर ताले लग गए।
मामला खुर्जा गेट आंबेडकर पार्क से जीनियस गर्ल्स स्कूल होते हुए पतरौआ तक की सड़क का है। वर्ष 2025-26 के लिए पीडब्ल्यूडी से इस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव पास हुआ, जिसके तहत ढाई किमी लंबी इस सड़क को 194.81 लाख की लागत से बनाया जाना था।
कार्य की उपयोगिता के संबंध में विभाग का तर्क था कि इस रोड से होकर पतरौआ, करेली, मऊ फतेहपुर शमसोई आदि बस्तियों के ग्रामीणों को सीधे बहजोई और संभल से कनेक्टिविटी मिल जाएगी, साथ ही स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं को भी सुविधा होगी, लेकिन इन सबको दरकिनार करते हुए पीडब्ल्यूडी ने सड़क के स्थान में ही खेल कर दिया।
बताते हैं कि खुर्जा गेट से स्कूल तक की करीब 700 मीटर की सड़क को विभाग ने नगर पालिका की सीमा में बताते हुए निर्माण कार्य से गायब कर दिया जबकि इसके स्थान पर पतरौआ से बहजोई रोड को जोड़ने वाली करीब डेढ़ किमी सड़क पर पत्थर डलवाकर उसका निर्माण शुरू करा दिया। अब ये सड़क कैसे बनी, इसका जवाब कोई अधिकारी देने को तैयार नहीं हैं।
- सड़क की लंबाई-2.5 किमी
- लागत- 194.81 लाख
- वर्ष- 2025-2026
- पालिका का हिस्सा- करीब 700 मीटर
भाजपा के पदाधिकारी समेत रसूखदारों की हैं जमीनें
चंदौसी। बताया जाता है कि पतरौआ से बहजोई रोड को जोड़ने के लिए पीडब्ल्यूडी ने जो सड़क डाली है उसमें चंदौसी के भाजपा पदाधिकारी, रसूखदार व्यापारी, सपा नेता समेत बुलंदशहर निवासी धनाड्य की जमीन शामिल है। आरोप है कि इन्हीं जमीनों के दाम बढ़ाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने सड़क निर्माण में यह खेल किया। सड़क पड़ते ही जमीन के दामों में ढाई गुना उछाल आ गया है।
अब जानिये लोनिवि अधिकारियों का रिएक्शन
- जेई अमित कुमार ने कहा कि इस बारे में मिलकर बताएंगे, लेकिन इसके बाद उन्होंने संपर्क ही नहीं किया।
- एई संतोष कुमार सिंह से जब खेतों में हो रही सड़क के प्रस्ताव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली।
- एक्सईएन सुनील प्रकाश ने कहा कि कागज देखकर ही बताएंगे, अभी लखनऊ में हैं।
