विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलिस ने घूस लेकर लौटाया, रास्ता भटकते ही KMP पर दर्दनाक हादसा; जीजा-साली समेत 3 की मौत, 23 घायल

Published: Tue, 08 Sep 2026 10:27 PM (IST)

राजस्थान के बागड़धाम से लौट रहे संभल के श्रद्धालुओं की पिकअप केएमपी एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें जीजा-साली समेत ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. राजस्थान में बागड़ धाम (गोगामेड़ी) के दर्शन कर लौट रहे थे संभल व मुरादाबाद के परिवार

जागरण संवाददाता, झज्जर/चंदौसी (संभल)। राजस्थान के बागड़धाम से संभल लौटते समय पुलिस ने रिश्वत लेकर जो श्रद्धालु वापस भेजे, वो रास्ता भटकने के बाद झज्जर के बहादुरगढ़ में मंगलवार अलसुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसा केएमपी एक्सप्रेसवे पर उस वक्त हुआ जब उन्होंने किसी से रास्ता पूछने के लिए सड़क किनारे लेते हुए पिकअप धीमी की।

इसी बीच एक तेज रफ्तार कैंटर ने गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में जीजा-साली समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में 23 अन्य श्रद्धालु भी घायल बताए जा रहे हैं। मरने वाले व घायल मुरादाबाद व संभल के हैं।

गुमथल गांव से करीब 25 लोग पिकअप से तीन सितंबर को राजस्थान के बागड़ धाम गए थे। इनमें मुरादाबाद के शहजाद खेड़ा निवासी सुमन, संभल के मानकपुर निवासी उनके जीजा ललतेश तथा गांव की ही रुषि (लौंगश्री) भी थीं।

केएमपी एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब चार बजे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप में कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। हालांकि पुलिस ने 12 घायलों की पुष्टि की है। सभी को बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर लाया गया। यहां से चार को उपचार को रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया।

यहां सुमन, जीजा ललतेश व रुषि को मृत घोषित कर दिया गया। सुमन की शादी करीब 10 माह पहले ही शहजाद खेड़ा निवासी हरज्ञान सिंह से हुई थी। हरज्ञान व ललतेश की पत्नी सीमा भी हादसे में घायल हुए हैं।

ललतेश के परिवार में दो बेटियां भी हैं। हादसे की सूचना पर गांव में अफरातफरी मच गई। लोग स्वजन का हाल जानने के लिए इधर-उधर फोन मिलाते रहे। मंगलवार को मृतकों व कई घायलों के स्वजन हरियाणा रवाना हो गए।

झज्जर में पोस्टमार्टम के बाद शवों को गांव लाया जाएगा। पुलिस ने फरार कैंटर चालक पर केस दर्ज किया है। पुलिस की पूछताछ के दौरान कुछ घायलों ने बताया कि वापसी में दिल्ली-हरियाणा बार्डर पर कुछ पुलिसकर्मियों के नो एंट्री बताकर दो हजार रुपये मांगे और फिर 700 रुपये लेकर वापस भेज दिया।

बताया कि सात किलोमीटर पीछे साथी सिपाही सही रास्ता बताएगा, लेकिन कोई नहीं मिला। इसी दौरान हादसा हो गया। बहादुरगढ़ एएसपी प्रदीप खत्री ने बताया कि केएमपी पर हादसे का शिकार हुए श्रद्धालुओं से दिल्ली व हरियाणा पुलिस के किसी बार्डर प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों के रुपये मांगने और वापस भेजने की शिकायत का पता किया जा रहा है। शिकायत सही मिली तो कार्रवाई की जाएगी।

घायलों में ये भी शामिल

केदारसिंह का बेटा ठाकुरदास, प्रेम, प्रीति, तारावती, धीरेंद्र, प्रेम, कुसुम, पुरुषोत्तम, लज्जावती, रानी, कांति, राजकली, विशाखा, संतोष, संजय, देवयांशी, बबिता, वीरेंद्र,लक्ष्मी, रजनी, बीरमती।

यह भी पढ़ें- संभल में आर्य समाज मंदिर की 50 करोड़ की जमीन पर बने मकान और अवैध मजार पर चलेगा बुलडोजर! SDM कोर्ट का बड़ा फैसला